Mohit Suri: मोहित सूरी को टीजर में ही यशराज फिल्म्स ने दे दिए सौ नंबर, अक्षय बोले, ये फिल्म कई मायनों में खास
Saiyaara: मोहित सूरी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सैयारा’ को लेकर चर्चाओं में हैं। हाल ही में रिलीज हुए इस रोमांटिक लव स्टोरी के टीजर को काफी पसंद किया गया है।
विस्तार
चर्चित निर्देशक महेश भट्ट की बहन हिना के बेटे मोहित सूरी की ‘आवारापन’, ‘आशिकी 2’, ‘एक विलेन’ जैसी फिल्मों में प्रेम की एक अलग तड़प को हिंदी सिनेमा के दर्शकों ने जी भरकर प्यार दिया है। विशेष फिल्म्स की छत्रछाया में पनपे मोहित अब यशराज फिल्म्स के लिए अपनी पहली फिल्म ‘सैयारा’ लेकर आ रहे हैं। कहानी का गुणसूत्र एक बार फिर प्रेम की तड़प है और इसे परदे पर दर्शाने के लिए उन्हें मिले हैं दो नए चेहरे, अहान पांडे और अनीत पड्डा। फिल्म की टीजर इंटरनेट पर हलचल मचा चुका है।
मोहित सूरी निर्देशित यशराज फिल्म्स की आने वाली फिल्म ‘सैयारा’ का टीजर लोगों को इसलिए भी पसंद आ रहा है क्योंकि अरसे बाद वाईआरएफ की नजर एक ठोस प्रेम कहानी की तरफ गई है। दोनों नए कलाकारों की अलग सी केमिस्ट्री पर लोगों की नजर है। 'बिग गर्ल्स डोंट क्राय' से चर्चा में आईं अनीत की सादगी लोगों को भा रही है।
फिल्म के बारे में पहली बार बात करते हुए निर्देशक मोहित सूरी कहते हैं, “रोमांस का एक अलग ही जादू होता है। ‘सैयारा’ उन प्यार की कहानियों को समर्पित है, जो मुझे हमेशा से पसंद रही हैं। कुछ कहानियां मैंने खुद जी हैं, कुछ दूसरों से सुनीं, लेकिन सभी ने मुझे गहराई से छुआ है। फिल्म के टीजर को इतनी अच्छी प्रतिक्रिया मिलना बहुत खुशी की बात है। अहान और अनीत ने जिस तरह से अपनी भावनाएं परदे पर दिखाईं, वो लोगों से तुरंत जुड़ गईं।”
फिल्म ‘सैयारा’ के निर्माता यशराज फिल्म्स के सीईओ अक्षय विधानी हैं। वह कहते हैं, “रोमांटिक फिल्में वाईआरएफ की पहचान रही हैं। ‘सैयारा’ के जरिए हम फिर से एक सच्चे और दिल छू लेने वाले प्यार को पर्दे पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। जब लोग रोमांस की बात करते हैं, तो उनकी उम्मीदें भी बढ़ जाती हैं और हम उन्हें निराश नहीं करना चाहते।”
यह खबर भी पढ़ेंः Saiyaara Teaser: अनन्या पांडे के कजिन अहान की डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ का टीजर जारी, दिखेगी इंटेंस लव स्टोरी