Minoo Mumtaz: जब सगे भाई के साथ रोमांस कर बुरी फंसी अभिनेत्री, शादी के बाद छोड़ा देश, यहां पढ़ें मजेदार किस्से
Minoo Mumtaz Birth Anniversary: आज हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मीनू मुमताज की बर्थ एनिवर्सरी है। मीनू मुमताज अपने जमाने की शानदार अभिनेत्रियों में से एक हैं। पढ़ते हैं उनसे जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से…
विस्तार
हिंदी सिनेमा ने अभिनय की दुनिया को एक से बढ़कर एक नगीने दिए हैं। दिग्गज कलाकारों से भरी इस फिल्म इंडस्ट्री में एक नाम मीनू मुमताज का भी है। मीनू 40-50 के दशक की मशहूर डांसर और कैरेक्टर आर्टिस्ट रही हैं। वह मशहूर कॉमेडियन अभिनेता महमूद की छोटी बहन हैं। आज मीनू मुमताज की 83वीं बर्थ एनिवर्सरी है। पढ़ते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से…
छोटी उम्र में उठाई परिवार की जिम्मेदारी
मीनू मुमताज का असली नाम मलिकुन्निसा अली था। उनका जन्म डांसर मुमताज अली के घर 26 अप्रैल 1942 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता घर पर ही कुछ लड़कियों को डांस सिखाया करते थे। जिसे देखकर मीनू के मन में भी डांस करने की इच्छा जागी। उन्होंने भी डांस करना शुरू कर दिया। मीनू मुमताज के 4 भाई और 4 बहने थीं। पिता का करियर जब शराब की लत ले डूबी तो परिवार की जिम्मेदारी मीनू पर आ गई। वह नाटकों में काम करने लगीं और घर का गुजारा करना शुरू कर दिया।
मां से लड़कर फिल्मों में किया काम
मीनू ने जब फिल्मों में काम करने की इच्छा जाहिर की तो यह बात उनकी मां को बिल्कुल भी पसंद नहीं आई। वह इसके खिलाफ थीं कि मीनू फिल्मों में काम करें। हालांकि, उनके पिता इस बात के लिए राजी थे। मीनू ने फिल्म स्टूडियो के खूब चक्कर लगाए। एक दिन फिल्ममेकर नानूभाई वकील की नजर उन पर पड़ी और पहली नजर में ही मीनू उन्हें पसंद आ गईं। नानू भाई ने उन्हें अपनी फिल्म हकीम (1955) में कास्ट कर लिया। तब मीनू की उम्र महज 13 साल थी। फिल्मों में आने के बाद मीनी कुमारी, जो महमूद की पत्नी की बहन भी थी। उन्होंने मीनू का नाम बदलवा दिया। मलिकुन्निसा अली से उनका नाम मीनू मुमताज हो गया।
इन फिल्मों से मिली पहचान
14 साल की उम्र में ही मीनू मुमताज ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी। फिल्म ‘सीआईडी’ (1956) में उन्हें काफी पसंद किया गया। इसके बाद वह ‘हावड़ा ब्रिज’, ‘कागज के फूल’, ‘चौदहवी का चांद’, ‘साहिब बीवी और गुलाम’, ‘यहूदी’, ‘ताज महल’, ‘घूंघट’, ‘घराना’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।
महमूद के साथ रोमांस कर हुईं बॉयकॉट
मीनू मुमताज का नाता विवादों से भी रहा। वह अपने बड़े भाई महमूद के साथ ऑनस्क्रीन रोमांस कर मुश्किलों में घिर गईं। दरअसल, मीनू ने ‘हावड़ा ब्रिज’ के गाने ‘गोरा रंग चुनरिया काली’ में अपने सगे बड़े भाई महमूद के साथ काम किया था। इस गाने में दोनों को रोमांस करते हुए देखा गया। फिल्म में दोनों का रोमांस देखकर लोग हैरान रह गए। लोगों ने फिल्म से मीनू को हटाने की मांग उठानी शुरू कर दी थी।
शादी के बाद छोड़ दिया देश
मीनू मुमताज ने 12 जून 1963 को फिल्ममेकर एस अली अकबर से शादी की। उनके चार बच्चे हुए एक बेटा एजाज और तीन बेटियां महनाज, शहनाज और गुलनाज। शादी के बाद अभिनेत्री ने भार छोड़ दिया। वह कुवैत और टोरंटो में रहीं। हालांकि, बीच-बीच में वह भारत आती रहती थीं।
ट्यूमर से जीती जंग तो कैंसर ने ली जान
साल 2003 में अभिनेत्री की याद्दाश्त चली गई। एक दिन अचानक बेहोश होने के बाद जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो पता चला कि उनके ब्रेन में एक ट्यूमर है, जिसकी वजह से उन्होंने सबको पहचानना भी बंद कर दिया। हालांकि, ऑपरेशन के बाद वह ठीक हो गईं। 23 अक्टूबर 2021 को मीनू मुमताज ने 79 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। कहा जाता है कि कैंसर के चलते उनकी मौत हुई थी।