Sundance Film Festival: सनडांस फिल्म फेस्टिवल में 'सबर बोंडा' ने गाड़े झंडे, मिला यह प्रतिष्ठित पुरस्कार
Sundance Film Festival: सनडांस फिल्म फेस्टिवल में 'सबर बोंडा' को वर्ल्ड सिनेमा ग्रैंड ज्यूरी प्राइज से नवाजा गया है। फिल्म महाराष्ट्र के एक गांव की कहानी दिखाई गई है।
विस्तार
रोहन परशुराम काणवाडे की पहली मराठी फिल्म 'सबर बोंडा' ने 2025 के प्रतिष्ठित सनडांस फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड सिनेमा ग्रैंड ज्यूरी प्राइज जीता है। इसका ऐलान शुक्रवार शाम को फिल्म फेस्टिवल के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर किया गया।
'सबर बोंडा' महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के संगमनेर के पास एक गांव में स्थापित एक समलैंगिक प्रेम कहानी है, जिसमें भूषण मनोज, सूरज सुमन और जयश्री जगताप मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का अंग्रेजी नाम 'कैक्टस पीयर्स' है। यह कहानी आनंद नाम के एक 30 साल के शहरवाले की है, जिसे अपने पिता के निधन के बाद 10 दिन का शोक मनाने के लिए पश्चिमी भारत के ग्रामीण इलाके में भेजा जाता है। यहां वह एक स्थानीय किसान के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ता है जो शादी करने से बचने की कोशिश कर रहा है।
Jackie Shroff: चॉल से निकला हिंदी सिनेमा का एक्शन हीरो, फिल्म की स्क्रिप्ट जैसी है जैकी श्रॉफ की कहानी
फेस्टिवल में सिनेमा की इस श्रेणी के लिए ज्यूरी में फिल्म क्रिटिक एवा काहेन, केन्याई फिल्म निर्माता वानुरी काहिउ और ऑस्कर विजेता ब्रिटिश अभिनेता डैनियल कालूया शामिल थे। ज्यूरी ने 'सबर बोंडा' को एक महान आधुनिक प्रेम कहानी के रूप में वर्णित किया। उन्होंने कहा, "इस संवेदनशील फिल्म को पुरस्कार देना सम्मान की बात है। हम रोए, हंसे और हमने चाहा कि हमें भी उसी तरह मिले। इसी तरह के प्यार की आज दुनिया को जरूरत है। यह वास्तविक दृष्टिकोण हमें एक अंतरंग भाषा में प्रवेश करने का अवसर प्रदान करता है, जिसे हम सभी समझते हैं।"
ज्यूरी ने आगे कहा, "हम मुख्य पात्र के आंतरिक जीवन की धड़कन को महसूस करते हैं और जब यह फूटती है तो यह हमें अपनी मिठास से लपेट लेता है।" यह फिल्म भारत, ब्रिटेन और कनाडा का एक संयुक्त प्रोडक्शन है। इसका निर्माण नीरज चूरी, मोहम्मद खाकी, कौशिक रे, हरीश रेड्डीपल्ली, नरेन चंदावरकर और सिद्धार्थ मीर ने किया है।