Hridayapoorvam: 33 साल बड़े मोहनलाल की हीरोइन बनने पर ट्रोल हुईं मालविका, बोलीं- पहले फिल्म देखें
Malavika Mohanan In Hridayapoorvam: आज सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘हृदयपूर्वम’ में 33 साल बड़े मोहनलाल के साथ नजर आने पर अभिनेत्री मालविका मोहनन लोगों के निशाने पर आ गई हैं। अब अभिनेत्री ने ट्रोल्स को जवाब दिया है।
विस्तार
मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की नई फिल्म ‘हृदयपूर्वम’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म की रिलीज से दो दिन पहले ही यानी मंगलवार को फिल्म का ट्रेलर सामने आया था। फिल्म का ट्रेलर सामने आते ही फिल्म को लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई थी और इसकी चर्चा होने लगी थी। लेकिन ट्रेलर सामने आते ही फिल्म की लीड एक्ट्रेस मालविका मोहनन नेटिजंस के निशाने पर भी आ गईं। लोगों ने मालविका और मोहनलाल की उम्र के फासले को लेकर एक्ट्रेस को ट्रोल किया। अब इस पर अभिनेत्री की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
32 साल की हैं मालविका
मालविका मोहनन अभी 32 साल की हैं, जबकि अभिनेता मोहनलाल 65 साल के हो चुके हैं। ऐसे में दोनों कलाकारों के बीच 33 साल का फासला है। अब इसी को लेकर नेटिजंस ने मालविका को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोग जहां मालविका पर निशाना साध रहे हैं, तो वहीं कई नेटिजंस मोहनलाल को भी निशाने पर ले रहे हैं। अब अभिनेत्री मालविका मोहनन ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोगों को फिल्म देखने के बाद इस पर अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए। सिर्फ ट्रेलर देखकर ही ऐसा कहना ठीक नहीं है।
बिना फिल्म देखे टिप्पणी करना सही नहीं
जिंजर मीडिया एंटरटेनमेंट्स से बात करते हुए मालविका ने कहा कि मैंने भी ऐसे ही कुछ एक कमेंट पर रिप्लाई दिया है। अभिनेत्री का कहना है कि किसी फिल्म की कहानी या स्क्रिप्ट जाने बिना उस पर टिप्पणी करना बचकाना है। पहले फिल्म को देखिए। अगर देखने के बाद आपको लगता है कि यह कोई असामान्य विषय है, तो उस पर टिप्पणी कीजिए। यह सही भी है। हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है, लेकिन बिना कुछ जाने टिप्पणी करना सही नहीं है।
यह कोई नॉर्मल लव स्टोरी नहीं है
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि यह फिल्म एक आम रोमांटिक फिल्मों की तरह नहीं है। इसकी कहानी काफी अलग है। फिल्म के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि दो बिल्कुल अजनबी लोग अपनी जिंदगी के एक पड़ाव पर अचानक मिलते हैं और कहानी वहीं से आगे बढ़ती है। यह कोई आम प्रेम कहानी नहीं है।
10 साल बाद साथ आई मोहनलाल और सत्यन अंतिकाद की जोड़ी
‘हृदयपूर्वम’ के जरिए अभिनेता मोहनलाल और निर्देशक सत्यन अंतिकाद की जोड़ी 10 साल बाद एकसाथ आ रही है। ट्रेलर से लोगों में उत्सुकता पैदा करने वाली ‘हृदयपूर्वम’ आज से सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है।