धर्मेंद्र के मामले में निजता के उल्लंघन को लेकर पैपराजी पर भड़के IFTDA के अध्यक्ष अशोक पंडित, दर्ज की शिकायत
Indian Film & Television Directors Association: पिछले कुछ दिनों से धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती थे। अब वह घर आ चुके हैं। इस पूरी सिचुएशन के बीच पैपराजी ने देओल का परिवार का हर पल पीछा किया। इसे लेकर इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अभिनेता धर्मेंद्र इन दिनों वेंटिलेटर पर हैं, उनके लिए जुहू स्थित घर पर ही आईसीयू वॉर्ड तैयार किया गया है। इस बीच एक्टर के आवास के बाहर पैपराजी की भीड़ जुटी है। मुश्किल वक्त में परिवार की निजता का उल्लंघन भी किया जा रहा है। इस पर इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) ने आपत्ति जताई है। IFTDA के अध्यक्ष अशोक पंडित ने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज की है।
जुहू पुलिस स्टेशन में दर्ज की शिकायत
आज गुरुवार को IFTDA के इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया गया है। इसमें शिकायत की प्रति की तस्वीर पोस्ट की है। IFTDA के अध्यक्ष अशोक पंडित के हवाले से 13 नवंबर, 2025 को मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस स्टेशन को लिखित शिकायत दी गई है।
A post shared by Indian Film & Television Directors' Association (@iftda_)
'शालीनता की सीमाएं कर दीं पार'
शिकायत पत्र में कहा गया है, 'मैं, अशोक पंडित, भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन निर्देशक संघ (IFTDA) का अध्यक्ष, कुछ असत्यापित पैपराजी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराना चाहता हूं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित दिग्गजों में से एक, पद्म भूषण धर्मेंद्र जी की बीमारी से संबंधित हालिया कवरेज में शालीनता और नैतिकता की सभी सीमाओं को पार कर दिया। यह हमारे संज्ञान में आया है कि कुछ पैपराजी अकाउंट्स ने धर्मेंद्र के आवास परिसर में प्रवेश करके गोपनीयता का उल्लंघन किया है और बिना उनकी सहमति के उनके परिवार के सदस्यों के फुटेज और फोटोज रिकॉर्ड किए हैं। इन फुटेज को शालीनता या परिवार को होने वाले भावनात्मक कष्ट की परवाह किए बिना, सनसनीखेज और मुनाफे के लिए सार्वजनिक रूप से प्रसारित किया गया है।
कहा- 'दोषियों के खिलाफ एक्शन हो'
आगे लिखा है, 'यह कृत्य अमानवीय, अनैतिक और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रदत्त निजता के अधिकार का घोर उल्लंघन है। यह निजता का हनन और मानहानि से जुड़ा एक आपराधिक अपराध भी है। हमारी फिल्मी हस्तियां कोई वस्तु नहीं हैं, वे इंसान हैं जो बुनियादी गरिमा और सम्मान के हकदार हैं। खासकर व्यक्तिगत संकट के समय में उनकी निजता का सम्मान जरूरी है। आपसे अनुरोध है कि इस मामले की तत्काल जांच करें। दोषियों की पहचान करें और धर्मेंद्र व उनके परिवार की गोपनीयता, सुरक्षा और साथ ही भारतीय फिल्म जगत के सभी कलाकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए उचित कानूनी कार्रवाई करें। धन्यवाद'।