के-पॉप स्टार ने 30 दिन में घटाया 10 किलो वजन, स्टेज शो में अचानक हुईं बेसुध; चिंतित फैंस बोले- ठीक से खाना खाओ
HyunA Collapses on Stage: कोरियन पॉप स्टार ह्यूना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान अचानक बेसुध होकर गिरती दिखी हैं। बाद में वजह पता चली कि ह्यूना ने डाइटिंग के जरिए महीनेभर में 10 किलो वजन घटाया। अब चिंतित फैंस उन्हें सलाह दे रहे हैं।
विस्तार
दक्षिण कोरिया की मशहूर पॉप सिंगर ह्यूना एक लाइव स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर गईं। यह घटना तब हुई, जब वे वॉटरबॉम्ब 2025 मकाऊ म्यूजिक फेस्टिवल में अपने हिट सॉन्ग 'Bubble Pop' पर परफॉर्म कर रही थीं। गाना गाते-गाते अचानक वे बेसुध होकर गिर पड़ीं। तुरंत सिक्योरिटी स्टाफ और के-पॉप आइकन के डांसर्स ने उन्हें उठाया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद ह्यूना ने चुप्पी तोड़ते हुए वजह बताई और फैंस से माफी भी मांगी है।
प्रेग्नेंसी की अफवाह के बाद घटाया वजन
कोरिया टाइम्स के मुताबिक, ह्यूना ने खुलासा किया कि हाल ही में उन्होंने महज 30 दिनों के भीतर करीब 10 किलो वजन कम किया। ऐसा उन्होंने ऑनलाइन ट्रोलिंग के बाद किया। दरअसल, शादी के बाद बढ़ते वजन के बीच उनकी प्रेग्नेंसी की अफवाहें उड़ने लगीं। इसके बाद उन्होंने तेजी से वजन घटाने का फैसला लिया और डाइटिंग करने लगीं। यह उनकी सेहत पर भारी पड़ गया।
विज्ञापन विज्ञापन
फैंस से मांगी माफी, किया वादा
प्रेग्नेंसी की अफवाहें उड़ीं तो ह्यूना ने 03 अक्तूबर को सख्त डाइट प्लान अपनाने की बात कही थी। थोड़ा आराम महसूस करने के बाद ह्यूना ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर फैंस से माफी मांगी। उन्होंने लिखा, 'मैं माफी चाहती हूं। मैं आपको अच्छा परफॉर्मेंस दिखाना चाहती थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और मुझे सच में कुछ याद नहीं है'। उन्होंने फैंस को भरोसा भी दिलाया कि वे ठीक हैं और भविष्य में अपनी सेहत को बेहतर करने के लिए मेहनत करेंगी।
फैंस बोले- 'आपसे प्यार है'
ह्यूना जैसे ही स्टेज पर बेसुध हुईं तो उनके बैकअप डांसर तुरंत उन्हें स्टेज से बाहर ले गए। कुछ देर के लिए शो रोक दिया गया। मंगलवार को ह्यूना ने एक अन्य पोस्ट शेयर करते हुए सपोर्ट करने के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया है। इस पर फैंस भी उन्हें सुझाव दे रहे हैं। यूजर्स लिख रहे हैं, 'अच्छे से खाना खाओ और अपना ख्याल रखो'। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'स्वस्थ रहो। आप अब भी बहुत खूबसूरत हो और हमेशा से ही अविश्वसनीय रूप से खूबसूरत रही हो। आपके फैंस आपको बहुत प्यार करते हैं'। बता दें कि ह्यूना ने साल 2024 में कोरियन सिंगर और सॉन्ग राइटर योंग जुन-ह्युंग से शादी रचाई।