'तुमने मुझ जैसी औरत पहले नहीं देखी होगी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अक्सर कहा जाता है कि औरत और मर्द बराबर हैं। लेकिन समाज में ये बराबरी बमुश्किल ही देखने को मिलती है। फिर वो चाहे घर में हो, दफ्तर में हो, कारोबार में या फिर मनोरंजन की दुनिया में। लेकिन, तेजी से बदलती दुनिया में महिलाएं, तमाम मोर्चों पर मर्दों की बराबरी कर रही हैं। उन्होंने जो नया मोर्चा फतह किया है वो है, सुपरमैन की बराबरी का।
फिल्मी दुनिया में हमने बहुत से सुपरमैन देखे। मगर, अब जमाना 'सुपरवुमन' का है। फिल्मों में, टीवी में, कार्टून में, अब महिलाएं, इस मोर्चे पर भी मर्दों की बराबरी पर आ खडी हुई हैं। सबसे ताजी मिसाल है, ऑनलाइन मनोरंजन कंपनी नेटफ्लिक्स की मार्वेल कॉमिक सीरीज की जेसिका जोन्स।
जेसिका बिंदास है। वो अपने साथी से कहती है कि वो फ्लर्ट नहीं करती। उसे जो चाहिए होता है, बस कह देती है, बेझिझक। जेसिका का ये किरदार अभिनेत्री क्रिस्टेन रिटर ने निभाया है। वो सत्तर के दशक की सुपरहीरोइन्स से एकदम अलग है, जब सुपरहीरोज के बरअक्स, सुपरहीरोइन्स को सेक्स ऑब्जेक्ट के तौर पर पेश किया जाता था।
फिल्मी 'सुपरवुमन' एकदम बदल गई है
आज फिल्मी ''सुपरवुमन'' एकदम बदल गई है। वो धडल्ले से गालियां देती हैं। खुल के सेक्स के बारे में अपनी राय रखती हैं। वो शर्माने, झिझकने वाला दौर अब खत्म हुआ। पहले जहां 'सुपरवुमन' के किरदार मर्दों को लुभाने के लिए लिखे जा रहे थे। आज वो कैरेक्टर, महिला दर्शकों की उम्मीदों पर खरे उतरने के लिए लिखे जा रहे हैं।
इक्कीसवीं सदी की शुरुआत में आई ''सुपरवुमन'' के मुकाबले, आजकी फिल्मी ''सुपरवुमन'' आजाद ख्याल है, मजबूत इरादों वाली है। उस दौर में कैटवुमन की हेल बेरी या एलेक्ट्रा की जेनिफर गार्नर, ''सुपरवुमन'' को लेकर लिखी गई घटिया स्क्रिप्ट की शिकार हुईं। लेकिन अब वक्त बदल गया है। हॉलीवुड ने ''सुपरवुमन्स'' के नए, मजबूत किरदार गढे हैं।
मसलन, 2012 में आई 'द डार्क नाइट राइजेज' में एन हैथवे, ज्यादा काबिल कैटवुमन के तौर पर पेश की गई। जोर इस बार भी सेक्स अपील पर था। मगर, हैथवे के रोल में किसी महिला के किरदार के दूसरे पहलुओं पर भी जोर दिया गया था। उसी साल 'एवेंजर्स' फिल्म में स्कारलेट योहान्सन को ब्लैक विडो के मजबूत रोल में पेश किया गया। और अब तो ''सुपरवुमन'' को लेकर हॉलीवुड का नजरिया पूरी तरह बदल गया है।
बुर्का एवेंजर्स को पाकिस्तान में मिली खूब शोहरत
वंडर वुमन फिल्म की हीरोइन गैल गदोत, ने 'बैटमैन वर्सेज सुपरमैन: डॉन ऑफ जस्टिस' फिल्म को लेकर हो रही चर्चा में पीछे छोड दिया। उम्मीद है कि अगले साल तक हम वंडर वुमन को बडे पर्दे पर देख सकेंगे।
इसी तरह टीवी की दुनिया में जेसिका जोसं जैसे ''सुपरवुमन'' किरदार खूब गढे जा रहे हैं। जैसे मार्वेल की ही जासूसी किरदार एजेंट कार्टर या फिर सुपरगर्ल। इसी तरह पाकिस्तान में रची गई एनिमेशन ''सुपरवुमन'' बुर्का एवेंजर्स। जिसे पाकिस्तान में निकेलोडियन चैनल पर खूब शोहरत मिली, कई अवार्ड भी जीते हैं बुर्का एवेंजर्स ने।
''सुपरवुमन'' की बढती शोहरत को देखते हुए मार्वेल स्टूडियो ने 2018 में महिला के लीड रोल वाली फिल्म 'एंट मैन एंड वैस्प' नाम से फिल्म बनाने का एलान किया है। इसमें वैस्प का रोल लॉस्ट टीवी सीरीज की एवांजेलीन लिली निभाएंगी।
मार्वेल टीवी सीरीज की एक और मजबूत महिला किरदार कैप्टेन मार्वेल अब बडे पर्दे पर भी उतारी जाएगी। इसी तरह मशहूर सीरीज 'घोस्टबस्टर्स' में अब लीड रोल में महिलाओं को उतारे जाने की तैयारी है। यानी ''सुपरवुमन'' को अपना रोल मॉडल मानने वाली महिलाओं के लिए अब तमाम विकल्प मुहैया कराए जा रहे हैं, मनोरंजन की दुनिया में।
तीन साल पहले तक सुपरहीरो सिर्फ मर्द थे
पिछले तीन सालों को छोड दें तो सुपरहीरोज की दुनिया पर मर्दों का राज था। 2014 में मार्वेल एंटरटेन कंपनी के सीईओ आइक पर्लमटर का एक ई-मेल लीक हुआ था। ये ई-मेल, आइक ने सोनी पिक्चर्स के चेयरमैन को लिखा था। जिसमें ''सुपरवुमन'' के किरदार को पर्दे पर उतारने को घाटे का सौदा बताया था। आइक ने अपने मेल में इलेक्ट्रा, कैटवुमन और सुपरगर्ल फिल्मों की नाकामी का हवाला दिया था।
हालांकि मार्वेल कंपनी के सीईओ केविन फीज ने इस तर्क को खारिज करते हुए कहा था कि वक्त आ गया है कि हम ''सुपरवुमन'' के किरदारों को बढावा दें। सुपरहीरोइन्स की नई पीढी, जैसे जेसिका जोन्स या वंडर वुमन, ने मर्दों को उकसाने वाले किरदार से आगे का रास्ता तय कर लिया है। हालांकि उनकी खूबसूरती में कमी नहीं आई है।
आज भी ''सुपरवुमन'' के किरदार में सेक्स अपील पर जोर है। लेकिन, अब उसकी ताकत, मजबूत इरादों और तेज दिमाग को भी अहमियत दी जा रही है। हां, अब वो कम कपडे पहनने के बजाय, जींस, लेदर जैकेट, टी शर्ट और बूट पहनकर खलनायकों का खात्मा कर रही है। अब ''सुपरवुमन'' किसी लॉन्जरी कंपनी की मॉडल के तौर पर नहीं पेश की जाती।
''सुपरवुमन'' के किरदार में आए इस बदलाव को महिला दर्शक खूब पसंद कर रही हैं। इनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। जैसे क्रिस्टेन रिटर के वेरोनिका मार्स और ब्रेकिंग बैड में निभाए गए रोल को खूब पसंद किया गया।
जेसिका जोंस, जो किसी के साथ कमिटमेंट करने से बचती है
इसी तरह घोस्टबस्टर सीरीज की लेस्ली जोंस, मेलिसा मैकार्थी, केट मैक्किनॉन और क्रिस्टिन विग, अमरीकी कॉमेडी शो की दुनिया की सरताज हैं। ये किरदार मर्दों के लिए नहीं, महिला दर्शकों के लिए गढे गए। लोगों ने उन्हें हाथो-हाथ लिया भी। इसकी एक वजह ये भी है कि ''सुपरवुमन'' के ये किरदार आज मर्द नहीं, औरतें ही गढ रही हैं।
जेसिका जोंस की कल्पना मेलिसा रोजेनबर्ग ने की। इसी तरह घोस्टबस्टर्स सीरीज को केटी डिपोल्ड ने मिलकर लिखा। आज ऐसी सीरीज के प्रोडक्शन टीम में महिलाओं को खास तौर से जोडा जा रहा है। जैसे सुपरगर्ल का किरदार एलिसन एडलर ने ईजाद किया। जबकि इससे पहले कैटवुमन और इलेक्ट्रा के रोल पुरुष लेखकों ने गढे थे। शायद उनकी नाकामी की यही वजह थी।
ऐसे ''सुपरवुमन'' के किरदार को गढने, उसे पर्दे पर उतारने में महिलाओं की हिस्सेदारी से बडा फर्क पडा है। अब ये रोल मर्दों को ध्यान में रखकर नहीं, औरतों की पसंद के हिसाब से लिखे जाते हैं। पहले के ये रोल कैटवुमन या इलेक्ट्रा, अपने मर्द साथियों से अलग थे। जैसे कैटवुमन का रोल बहुत कमजोर था, वहीं इलेक्ट्रा कुछ ज्यादा ही गुस्सेवाली दिखाई गई। मतलब ये कि वो असल इंसानों के करीब नजर नहीं आते थे।
वहीं आज जेसिका जोंस, शराबी महिला है। वो किसी के साथ कमिटमेंट करने से बचती है। हम ऐसी महिलाएं अपने आस-पास देख सकते हैं। यही वजह है कि महिला दर्शक इन नई पीढी की ''सुपरवुमन'' से जुडाव महसूस करती हैं।
आने वाली फिल्म वंडर वुमन की सुपरहीरोइन कहती भी है, कि, 'तुमने मुझ जैसी औरत पहले नहीं देखी होगी'। तो हम उम्मीद करते हैं कि आगे चलकर हमें ''सुपरवुमन'' के और अच्छे रोल देखने को मिलेंगे।