Pax Jolie Pitt: एंजेलिना जोली के बेटे पैक्स को भारी पड़ गया स्टंट दिखाना, कार से टकराई उनकी ई-बाइक
Pax Jolie Pitt: एंजेलिना जोली के बेटे पैक्स जोली-पिट शुक्रवार को हॉलीवुड में एक ई-बाइक हादसे का शिकार हो गए। पैक्स अपनी बाइक पर स्टंट कर रहे थे, जब उनकी बाइक एक सफेद हैचबैक से टकरा गई।
विस्तार
एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट के 21 वर्षीय बेटे पैक्स जोली-पिट शुक्रवार सुबह हॉलीवुड में हादसे का शिकार हो गए। दरअसल, उनकी ई-बाइक एक सफेद हैचबैक (कार) से टकरा गई। इस दुर्घटना में पैक्स को कोई गंभीर चोट नहीं आई। पैक्स ने बाइक चलाने के दौरान हेलमेट, एक मौवे हुडी, डार्क स्लैक्स और सफेद स्नीकर्स पहने हुए थे।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है। इसे देखने के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्हें किसी भी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है। दुर्घटना के बाद उन्होंने अपनी बाइक का निरीक्षण किया, कार के ड्राइवर और महिला यात्री से फोन नंबर का आदान-प्रदान किया और फिर सौहार्दपूर्ण तरीके से घटनास्थल से चले गए। वहां पर मौजूद लोगों का कहना है कि पैक्स घटना से पहले अपने हाथ छोड़कर बाइक चला रहे थे।
: Angelina Jolie and Brad Pitt’s son, Pax Jolie-Pitt, 21, crashed his electric bike on Friday just six months after he was hospitalized for injuries he sustained in a previous crash. pic.twitter.com/KP0YPx10c2
— Tpapa OG 🇺🇸🇳🇬⭐ (@XViralNews7) January 25, 2025
यह घटना जुलाई महीने में हुए एक और गंभीर ई-बाइक हादसे के छह महीने बाद हुई है। उस हादसे में पैक्स को चेहरे पर चोटें आई थीं और उनकी कलाई में फ्रैक्चर आ गया था। लॉस एंजिल्स में हुई उस दुर्घटना के बाद उनके हाथ में प्लास्टर चढ़ाना पड़ा था। उस एक्सीडेंट के दौरान वह बेहोश हो गए थे। उस समय उनकी मां एंजेलिना जोली उनके साथ रहीं और पूरी तरह से उनकी देखभाल की।
एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट अपनी आठ साल लंबी तलाक की प्रक्रिया को समाप्त कर चुके हैं, लेकिन उनकी महत्वपूर्ण संपत्तियों जैसे फ्रांस में स्थित पांच करोड़ पाउंड का बंगला और अंगूर की बागवानी को लेकर अभी भी विवाद जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों के बीच यह मुद्दा अभी सुलझा नहीं है।
गौरतलब है कि दोनों ही सितारे अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। ब्रैड पिट इन दिनों ज्वेलरी डिजाइनर इनेस डी रामोन के साथ रिश्ते में हैं, जबकि एंजेलिना जोली अपने परिवार और मानवीय कार्यों पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही हैं।