Linda Evangelista: सर्जरी से बिगड़ा पूर्व सुपरमॉडल का हुलिया, पहचान में ना आने के कारण कंपनी से मांगा इतना हर्जाना
- लिंडा इवांजेलिस्टा ने सर्जरी के बाद पहचान में ना आने के कारण कंपनी पर ठोका मुकदमा
- सुपरमॉडल ने 3.69 अरब हर्जाने की मांग की
- कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप
विस्तार
मनोरंजन जगत की बहुत सी हसीनाएं अक्सर और ज्यादा खूबसूरत दिखने के लिए या फिर अपने शरीर के किसी हिस्से को सही करवाने के लिए सर्जरी का सहारा लेती हैं। हालांकि ये सर्जरी उनके लिए सही हो ये जरूरी नहीं है। कई बार खराब सर्जरी के कारण चेहरा बिगड़ भी सकता है। हाल ही में कुछ ऐसा पूर्व सुपरमॉडल लिंडा इवांजेलिस्टा के साथ हुआ है जहां उन्होंने जेल्टिक एस्थेटिक्स के खिलाफ मुकदमा दायर कर 3.69 अरब हर्जाने की मांग की है। दरअसल दायर मुकदमें में ये कहा गया कि जेल्टिक ने उनके शरीर के कई हिस्से को बुरी तरह से खराब कर दिया है। बता दें कि कनेडेयिन मॉडल ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा कि उन्होंने लगभग पांच साल पहले वसा कम करने के लिए इलाज कराया था लेकिन अब उनका चेहरा ही पहचान में नहीं आ रहा है।
मुकदमे में ये कहा गया कि इवेंजेलिस्टा ने अपनी जांघों, पेट, पीठ, बाजू और ठुड्डी पर वसा को कम करने के लिए साल 2015-16 के बीच सर्जरी करवाई थी। हालांकि पीएएच को ठीक करने के लिए सुधारात्मक सर्जरी ने काम नहीं किया था। इसके साथ ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर भी अपना दर्द साझा किया।
उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'मेरे साथ काम करने वाले आगे बढ़ रहे हैं लेकिन लोगों को लग रहा है कि मैं काम ही नहीं कर रही। उसकी वजह ये है कि जेल्टिक की कूल स्कल्प्टिंग प्रक्रिया द्वारा मेरे चेहरे को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया'। उन्होंने मुकदमे में कहा कि सर्जरी ने उनका चेहरा ही बिगाड़ दिया और वो पहचान में ही नहीं आ रही थीं। लिंडा ने कंपनी पर ये आरोप भी लगाया है कि सर्जरी से पहले उन्हें संभावित दुष्प्रभावों के बारे में नहीं बताया गया था।
उन्होंने आगे बताया कि सर्जरी की प्रक्रिया के बाद उन्हें पैराडॉक्सिक्ल एडीपोज हाइपरप्लासिया( पीएएच) नाम के एक दुर्लभ साइड इफेक्ट का सामना करना पड़ा। ऐसे में उनके शरीर के जिस भाग की सर्जरी की गई वहां सूजन आ गई। उन्होंने कहा कि सर्जरी के कारण उनके काम पर ऐसा असर पड़ा कि उनकी आजीविका ही नष्ट हो गई। ऐसे में वो गहरे अवसाद में हैं और किसी से मिल जुल नहीं पा रही हैं।