ब्राजील: होटल की पांचवीं मंजिल से गिरकर सिंगर एमसी केविन की मौत, हाल ही में हुई थी शादी
होटल की पांचवीं मंजिल से गिरने से ब्राजील सिंगर एमसी केविन की हुई मौत।
16 मई की है घटना।
दो हफ्ते पहले गर्लफ्रेंड से रचाई थी शादी।
विस्तार
ब्राजील के मशहूर सिंगर एमसी केविन की पांचवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई है। 23 साल के केविन ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में एक होटल में रुके हुए थे। घटना 16 मई को हुई थी और केविन का पांचवीं मंजिल से गिरना पुलिस को हैरान कर रहा है। मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच चल रही है।
केविल होटल की 11वीं मंजिल पर ठहरे हुए थे। जबकि पांचवीं मंजिल पर वह अपने कुछ दोस्तों से मिलने उनके कमरे में पहुंचे थे। केविन होटल की बालकनी में थे, जहां से वह नीचे गिर गए। मौके पर पहुंची टीम ने सिंगर को दुर्घटना के फौरन बाद अस्पताल पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बता दें, केविन ने दो हफ्ते पहले ही अपनी गर्लफ्रेंड डिओलेने बेजेरा से शादी रचाई थी। डिओलेने एक क्रिमिनल लॉयर है। केविन के निधन के बाद डिओलेने ने अपनी शादी की एक ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर करते हुए फैंस को ये दुखद खबर दी थी। डिओलेने ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'तुम मेरी जिंदगी का प्यार हो और हमेशा रहोगे। वह आदमी जिसने मुझे सबसे ज्यादा प्यार और सम्मान दिया। ईश्वर के पास जाओ, मैं हमेशा तुमसे प्यार करूंगी।'
केविन की मां ने भी सोशल मीडिया पर अपने बेटे को श्रद्धांजलि देते हुए एक पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा, 'आखिरी बार जब केविन से उनकी बात हुई थी, तब उन्होंने कहा था, 'आई लव यू मम।' गौरतलब है कि एमसी केविन ने साल 2013 में अपना पहला गाना रिलीज किया था। तब उनकी उम्र महज 16 साल थी। उनके गाने कावालो डे ट्रोइआ (Cavalo de Troia) को यूट्यूब पर करोड़ों बार देखा जा चुका है।