'एवेंजर्स: एंडगेम' का एशिया प्रमोशन आज भारत से शुरू, अमर उजाला से विशेष तौर पर मिलेंगे डायरेक्टर
फिल्म 'एवेंजर्स: एंडगेम' का भारत में फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। एवेंजर्स सीरीज की ये आखिरी फिल्म है। फिल्म के प्रमोशनल के लिए डायरेक्टर जो रुसो मुंबई पहुंच चुके हैं। आज से एशिया में प्रचार की शुरुआत होगी। 1 और 2 अप्रैल को जो रुसो भारत में एवेंजर्स के फैंस से मुलाकात भी करेंगे। भारत के बाद फिल्म की टीम जापान, चीन, सिंगापुर और दूसरे एशियाई देशों में इसका प्रमोशन करेगी।
अमर उजाला एकमात्र हिंदी न्यूजपेपर है जो डायरेक्टर जो रुसो का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू करेगा। मेकर्स चाहते हैं कि भारत में इसे बंपर ओपनिंग मिले। इसके लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। खास बात ये है कि 'एवेंजर्स एंडगेम' का हिंदी और तमिल वर्जन का संगीत एआर रहमान ने दिया है। बीती रात जो रुसो ने एआर रहमान के साथ डिनर किया था । अब आज शाम मुंबई में एआर रहमान के संगीत में बना 'एवेंजर्स एंथम' लॉन्च किया जाएगा।
बीते कुछ सालों से भारत में मार्वल स्टूडियो की फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह बढ़ा है। यही वजह है कि पिछले साल आई फिल्म 'एवेंजर्स: इंफिनिटी वॉर' ने भारत में अच्छी-खासी कमाई की थी। दर्शकों के बीच फिल्म के उत्साह को देखते हुए ही जो रुसो ने भारत को सबसे पहले चुना है। 'एवेंजर्स: एंडगेम' मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की 22वीं फिल्म है। जिसमें थानोस बाकी के सुपरहीरोज को चैंलेज देगा। 'एवेंजर्स: एंडगेम' में रॉबर्ट डॉनी जूनियर, क्रिस हेम्सवर्थ, क्रिस इवांस और स्कारलेट जोहान्सन जैसे कलाकार हैं। भारत में यह फिल्म 26 अप्रैल को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषा में रिलीज होगी।