राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: सलीम खान को मिला खास सम्मान, स्टेज पर पहुंचीं हेलेन ने दी हेल्थ पर अपडेट
Helen On Salim Khan Health Update: मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान को हाल ही में राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवॉर्ड को उनकी जगह उनकी पत्नी हेलेन ग्रहण करने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने फैंस का शुक्रिया अदा किया। जानिए क्या बाेलीं हेलेन?
विस्तार
बुधवार को मुंबई में सिनेमा के दिग्गजों को राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बॉलीवुड के मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान को भी इस अवॉर्ड से नवाजा गया। उनकी जगह यह सम्मान उनकी पत्नी अभिनेत्री हेलेन लेने पहुंची। हेलेन ने यहां सलीम के स्वास्थ्य पर भी जानकारी दी।
सलीम खान के मिले सम्मान पर क्या बोलीं हेलेन?
सलीम खान का हिंदी सिनेमा में बड़ा योगदान रहा है। उनके इस समर्पण और लगन को सम्मानित करने के लिए उन्हे राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया। सम्मान ग्रहण करने के बाद हेलेन ने सलीम की तरफ से सबको शुक्रिया कहा और भावनाएं व्यक्त कीं।
हेलेन ने कहा, 'मैं सलीम साहब को दिए गए इस सम्मान के लिए आभारी हूं। उन्होंने आप सभी लोगों को धन्यवाद कहा है। उनकी सभी फिल्में मेरी फेवरेट हैं।'
स्वास्थ्य पर क्या दी अपडेट?
समारोह में हेलेन ने सलीम साहब के स्वास्थ्य की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘उनका स्वास्थ्य बहुत अच्छा है। वे बहुत मजबूत इंसान हैं और आप सभी को, पूरे महाराष्ट्र और भारत को अपनी शुभकामनाएं भेजते हैं।’
रानी मुखर्जी भी हुई सम्मानित
बता दें कि महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह हाल ही में मुंबई के रवींद्र नाट्य मंदिर में आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के ताैर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी उपस्थित थे। इस समारोह में रानी मुखर्जी को उनके सिनेमा में वर्षों के योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
किसे मिला कौन सा पुरस्कार?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लाइफटाइम अचीवमेंट और स्पेशल कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड्स प्रदान किए। चूंकी यह वी. शांताराम की 125वीं जयंती है इसलिए समाराेह में वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट और स्पेशल कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड्स तथा राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट दिए गए।
- पंडित हृदयनाथ मंगेशकर को छत्रपति वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
- अभिनेता-निर्देशक प्रसाद ओक को छत्रपति वी. शांताराम स्पेशल कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड मिला।
- अनुभवी पटकथा लेखक सलीम खान को राज कपूर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया।
- वहीं अभिनेत्री रानी मुखर्जी को राज कपूर स्पेशल कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।