हैबिटैट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित होंगी ये फिल्में, हिंदी मंच से होगा हंगेरियन सिनेमा का आगाज
Habitat International Film Festival 2026: हैबिटेट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई जाने वाली फिल्में हंगेरियन सिनेमा पर आधारित होंगी। यहां कई मशहूर हंगेरियन निर्देशकों की अवॉर्ड जीतने वाली फिल्में दिखाई जाएंगी।
विस्तार
हैबिटैट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन नई दिल्ली में होने जा रहा है। 13 मार्च से शुरू होने वाले इस फेस्टिवल में 20 भाषाओं में 18 देशों की कुल 67 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस साल समारोह में मुख्य रूप से हंगेरियन सिनेमा को केंद्र में रखा जाएगा।
भारतीय फिल्म से होगा फेस्टिवल की शुरुआत
हैबिटैट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन तनुजा शंकर खान की डॉक्यूमेंट्री ‘मंच’ से होगा। यह फिल्म एनजीओ के बच्चों के साथ आयोजित एक वर्कशॉप थिएटर के बारे में है। इसके अलावा यहां पर हंगरी की लोक कथाओं को भी हिंदी में पेश किया जाएगा। समारोह में आगे 21 हंगेरियन फिल्में दिखाई जाएंगी।
हैबिटैट फिल्म फेस्टिवल खास होंगी ये फिल्में
इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह में कई चर्चित फिल्में शामिल होगीं। ये रहीं प्रदर्शित होने वाली प्रमुख फिल्में...
- कान्स 2025 की पाल्म डी'ओर विजेता फिल्म ‘इट वाज जस्ट एन एक्सीडेंट’
- कान्स ज्यूरी पुरस्कार 2025 की विजेता फिल्म ‘सिरात’
- बर्लिनाले 2025 ग्रैंड प्रिक्स विजेता फिल्म ‘द बोटैनिस्ट’
- वेनिस 2025 ओरिजोंटी पुरस्कार विजेता फिल्म ‘हीड्रा आईवी'
- बाफ्टा स्कॉटलैंड 2025 की विजेता फिल्म ‘फोर मदर्स’
इन सबके साथ 11 समकालीन फीचर फिल्में और 10 रेट्रोस्पेक्टिव क्लासिक फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी।
विविध संस्कृति के बावजूद सम्मान और संगम
इस कार्यक्रम के क्रिएटिव हैड विद्युन सिंह ने कहा, ‘यह एक साथ अलग-अलग संस्कृतियों का मिलन है। इन फिल्मों में इंसानी अनुभव, उसकी पहचान और संवेदना दिखेंगी। यह कहानियां उदाहरण हैं कि भले ही यह दुनिया के किसी हिस्से में जन्म लेती हों लेकिन इनकी भावनात्मकता सच्चाई सारी दुनिया में पहुंचती है।'
22 मार्च को होगा समापन
हैबिटेट इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन 22 मार्च को होगा। इस दौरान माइकल क्विएसिंस्की द्वारा निर्देशित पोलिश फिल्म ‘चोपिन, ए सोनाटा इन पेरिस’ का प्रदर्शन भी किया जाएगा।