रॉक बैंड 'किस' के गिटारिस्ट ऐस फ्रेहले ने दुनिया को कहा अलविदा, 74 वर्ष की आयु में ली आखिरी सांस
Ace Frehley Death: लोकप्रिय अमेरिकी संगीतकार एवं रॉक बैंड 'किस' के गिटारवादक ऐस फ्रेहले का निधन हो गया है। उनकी उम्र 74 वर्ष थी।
विस्तार
रॉक बैंड 'किस' प्रमुख गिटारवादक और संस्थापक सदस्य ऐस फ्रेहले नहीं रहे। अपने गिटारवादन से लोगों को मंत्रमुग्ध कर देने वाले ऐस फ्रेहले का 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके एजेंट के अनुसार, फ्रेहले ने न्यू जर्सी के मॉरिसटाउन में परिवार के बीच आखिरी सांस ली।
ऐस फ्रेहले के परिवार ने जारी किया बयान
ऐस फ्रेहले के परिवार की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर यह दुखद सूचना दी गई है। इसमें लिखा है, 'ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामांकित और रॉक एंड रोल हॉल ऑफ फेम में शामिल रॉक गिटारवादक और KISS के प्रतिष्ठित संस्थापक सदस्य का आज 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। फ्रेहले का न्यू जर्सी के मॉरिसटाउन में उनके घर पर हाल ही में गिरने के बाद निधन हो गया। फ्रेहले के परिवार में उनकी पत्नी जीनेट, बेटी मोनिक, भाई चार्ल्स, बहन नैन्सी साल्वनर, भतीजी सनसेरे फ्रेहले और जूली साल्वनर, भतीजे स्काई फ्रेहले और एंड्रयू साल्वनर आदि हैं'।
कहा- 'हम भाग्यशाली हैं कि...'
पोस्ट में परिवार की तरफ से आगे लिखा है, 'हम बेहद दुख में हैं और टूट गए हैं। सिर्फ इस मामले में खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उनके आखिरी पहलों में हम उनकी देखभाल कर सके। उनके आसपास रहे, उन्हें प्यार दे सके और उनके लिए प्रार्थना कर सके। अब हम उनकी मजबूती, लोगों के प्रति दया की भावना उनकी हंसी और खास पलों को याद करके अच्छा महसूस कर सकते हैं।
खास स्टाइल के लिए रहे मशहूर
ऐस फ्रेहले अपने गैलेक्टिक मेकअप और स्मोकिंग गिटार से दर्शकों के बीच खास लोकप्रिय रहे। 'किस' बैंड के हिट गानों में 'रॉक एंड रोल ऑल नाइट' और 'आई वाज मेड फॉर लविन यू' शामिल थे। इस रॉक बैंड को अपने खास थिएटर स्टेज शो के लिए जाना गया। ऐस फ्रेहले के निधन से संगीत जगत में शोक की लहर है। फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।