'मैंने देखा कि वो बुरी तरह टूट गया था', आर्यन खान के ड्रग्स केस पर बोले रजत बेदी; शाहरुख को लेकर कही ये बात
Rajat Bedi Exclusive Interview: कई चर्चित फिल्मों में काम कर चुके रजत बेदी को हाल ही में आर्यन खान की डेब्यू सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में देखा गया। रजत ने हाल ही में आर्यन खान के साथ काम करने के अनुभव पर बात की।
विस्तार
रजत बेदी लंबे वक्त तक इंडस्ट्री से दूर रहे। कई चर्चित फिल्मों का हिस्सा बनने के बाद वे कनाडा शिफ्ट हो गए थे। 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' से उन्होंने शानदार शुरुआत की है, जिसे लेकर वे बेहद खुश हैं। हाल ही में उन्होंने अमर उजाला के साथ खास बातचीत में कई दिलचस्प किस्से साझा किए। उन्होंने इस दौरान आर्यन खान के कठिन दिनों का भी जिक्र किया, जब वे ड्रग्स के सिलसिले में गिरफ्तारी और कानूनी जांच के बीच गुजर रहे थे। पढ़िए अभिनेता ने क्या कहा?
आर्यन ने आपको क्यों चुना?
'हां, मैंने उनसे पूछा था, 'आर्यन, क्या तुमने मेरा काम देखा है?' उन्होंने मुस्कुराकर कहा, 'हां सर, देखा है।' उन्हें 'कोई मिल गया', 'जानी दुश्मन' जैसी फिल्में याद थीं और शायद मेरे कुछ और काम उन्होंने पीछे से खुद देखे थे। इस शो का विषय इंडस्ट्री की हकीकत पर आधारित है। यहां सफल एक्टर्स भी हैं और वे भी जो किसी वक्त इंडस्ट्री से दूर चले गए। मुझे लगता है कि आर्यन ने मेरे भीतर उस किरदार को पूरी तरह देखा। मैं उस रोल में पूरी तरह फिट था। मेरी जर्नी ने भी उन्हें शायद प्रभावित किया होगा'।
'आर्यन में वह सभी गुण हैं जो शाहरुख खान के बेटे में होने चाहिए'
सबसे प्यारी बात यह थी कि उन्होंने मुझे बहुत समझदारी से पहचाना। कहीं न कहीं उन्होंने सोचा होगा, 'इस इंसान ने वह सब जिया है, जो मैं अपनी कहानी में दिखा रहा हूं।' यही उनकी समझदारी है। आर्यन में वह सभी गुण हैं जो शाहरुख खान के बेटे में होने चाहिए। मैं जानता हूं कि वे बचपन से ही जो भी करते हैं, उसमें अपना दिल लगा देते हैं। स्कूल हो, कॉलेज हो, खेल या करियर। वे कभी भी आधा नहीं करते और हमेशा अपनी पूरी क्षमता से आगे बढ़ते हैं।
आर्यन, शाहरुख खान में आपको सबसे ज्यादा क्या प्रभावित करता है और वह अपने पिता से अलग किस तरह का मुकाम हासिल करना चाहते हैं?
'वो भी बिल्कुल अपने पिता की तरह जुनूनी है। पर फर्क ये है कि वो कैमरे के सामने नहीं, बल्कि कैमरे के पीछे अपना मुकाम बनाना चाहता है। वो कहता है, 'मैं अपने पिता जैसा एक्टर नहीं बनना चाहता, लेकिन मैं एक ऐसा डायरेक्टर बनना चाहता हूं, जिससे मेरे पिता को गर्व हो।' यही बात मुझे उसमें सबसे ज्यादा इंप्रेस करती है। वो फोकस्ड है, सच्चा है और अपने काम को लेकर बहुत पैशनेट है। मुझे पूरा यकीन है कि आने वाले वक्त में वो एक शानदार फिल्ममेकर साबित होगा।
क्या आर्यन ने अपने पर्सनल लाइफ के बारे में बातें साझा कीं?
'जहां तक उसकी जिंदगी की बात है, हमारी कोई पर्सनल बातचीत उस मामले पर नहीं हुई। लेकिन जो हुआ, वो बहुत गलत लगा। मैं सरकार, कानून, एजेंसियों- सबका पूरा सम्मान करता हूं, पर एक इंसान के तौर पर, एक पिता के तौर पर, दिल से बुरा लगा कि इतनी छोटी उम्र में, उसे इतनी बड़ी परीक्षा से गुजरना पड़ा। मुझे नहीं पता सच्चाई क्या थी, कौन सही था, कौन गलत - वो तो अदालत और कानून जानते हैं। पर मैंने बस इतना देखा कि एक बच्चा टूट गया था। वो बहुत हर्ट हुआ था, बहुत परेशान था। उसे वो वक्त काटना पड़ा और उस दौर ने उसे भीतर तक झकझोर दिया'।
'आर्यन पहले से कहीं ज्याद मजबूत इंसान बन चुका है'
पर सच कहूं - हैट्स ऑफ टू शाहरुख सर और उनके पूरे परिवार को। जिस गरिमा, धैर्य और साइलेंस के साथ उन्होंने वो सब झेला, वो बहुत बड़ी बात है। छह महीने तक जो कुछ भी सहते रहे, वो किसी इम्तेहान से कम नहीं था। पर देखिए, अब वही आर्यन पहले से कहीं ज्याद मजबूत इंसान बन चुका है। वो टूटा नहीं, बल्कि और मजबूत होकर निकला है। यही उसकी सबसे बड़ी जीत है। कभी-कभी जिंदगी हमें गिराकर ही सिखाती है कि हमें किस ऊंचाई तक जाना है।
क्या आपके बच्चे भी अब इंडस्ट्री में कदम रखने वाले हैं?
'हां, मेरा बेटा भी एक्टर बनना चाहता है और मेरी बेटी भी अब काफी वायरल हो चुकी है। ये मेरे लिए बहुत प्राउड मोमेंट है। ऐसा लग रहा है कि आर्यन ने मुझे ही नहीं, पूरे परिवार को भी फिर से लॉन्च कर दिया। इस प्यार और रिस्पॉन्स को देखकर मैं खुद बहुत ब्लेस्ड फील कर रहा हूं'। मेरी बेटी के बारे में कभी मैंने एक्सपेक्ट नहीं किया था कि वो इंडस्ट्री में कदम रखेगी। वह अभी नोविस है, पढ़ाई भी कर रही है और साथ ही यह करियर संभाल रही है। थोड़ी टेंशन होती है, पर हम सब बहुत सपोर्टिव हैं। हमारी लाइफ हमेशा सिंपल रही है और कनाडा में हमने कोई ग्लैमर लाइफ नहीं जी है'। रजत ने कहा, 'लेकिन अब रेड चिलीज का शो लॉन्च होने के बाद हम सब बहुत एक्साइटेड हैं। जनता और इंडस्ट्री से पूरे परिवार के लिए इतना प्यार मिल रहा है। इसलिए मैं खुद को बहुत ब्लेस्ड फील कर रहा हूं और इस सब के लिए बेहद आभारी हूं'।
सीरीज में आपका शाहरुख खान के साथ सीन काफी वाइरल हुआ। वो आइकॉनिक सीन स्क्रिप्टेड था या नेचुरल एक्टिंग थी?
वो पल वाकई बेहद खास था। सीन में आर्यन भी थे और उन्होंने शाहरुख सर के साथ इतनी नेचुरल और प्यारी एक्टिंग दी कि मैं खुद हैरान रह गया। शाहरुख सर भी पूरी तरह अपने आप थे। जब मैं 18 साल का था, तब भी उनके साथ काम किया था, लेकिन अब उनका लेवल, उनका इमोशन और उनका करिश्मा बिल्कुल अलग था। यह सच में मैजिक जैसा अनुभव था, इतना प्यार और सपोर्ट। मुझे लगता है कि आर्यन पर शाहरुख सर का गुडविल, ऑडियंस का प्यार और हर किसी का भरोसा सौ प्रतिशत है और यही वजह है कि वह हमेशा अच्छे इरादों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
शाहरुख ने आपको 'टाइगर' क्यों नाम दिया?
जब मैं रमेश सिप्पी के सेट पर काम करने गया था, मैं हाल ही में ज्वाइन हुआ था और चौथा असिस्टेंट था। उस समय पहले से एक फर्स्ट असिस्टेंट था, उसका नाम भी रजत था और सेट पर दो रजत थे। हम सब नए जोश और थोड़े एग्रेसिव एनर्जी में काम कर रहे थे और इसी दौरान शाहरुख सर ने पूरे यूनिट के सामने मुझे 'टाइगर' कह दिया। उस दिन से पूरा यूनिट मुझे इसी नाम से बुलाने लगा। आज भी, चाहे मैं कहीं भी होता हूं, मुझे लोग 'टाइगर' कहकर ही बुलाते हैं। यह नाम मेरे लिए हमेशा खास और प्यारा रहेगा। कमबैक के समय भी यह नाम मुझे बहुत इमोशनल और लवली फील कराता है।