Zubeen Garg: असम CID ने शुरू की जुबीन के निधन की जांच, सिंगर से जुड़े इन लोगों को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम
Zubeen Garg Death Investigation: असम पुलिस की सीआईडी ने शुक्रवार को उन लोगों को नोटिस जारी किया जो सिंगापुर में गायक जुबीन गर्ग की मौत से जुड़ी घटनाओं के बारे में जानकारी रखते थे या मौजूद थे। सभी गवाहों को पेश होने के लिए सीआईडी ने कहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीटीआई की खबर के अनुसार एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सीआईडी ने 10 दिनों के भीतर जुबीन गर्ग के निधन से जुड़े गवाहों को अपने अधिकारियों के सामने पेश होने को कहा है। अधिकारी ने यह भी बताया कि गर्ग की मौत की जांच के लिए सीआईडी द्वारा बनाई गई स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (SIT) ने दूसरे दिन भी नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत के आवास पर तलाशी जारी रखी।
10 दिनों के भीतर गवाहों को पेश होने लिए कहा
नाम न बताने की शर्त पर सीआईडी अधिकारी ने पीटीआई भाषा को बताया, ‘गर्ग की मौत की जांच जारी है। आज हमने उनकी मौत से जुड़ी घटनाओं से वाकिफ सभी लोगों को नोटिस जारी किया है। उन लोगों को 10 दिनों के भीतर आकर अपना बयान देना होगा।’
गौरव गोगोई बोले- जांच प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई ने भी दावा किया कि लापरवाही के कारण जुबीन गर्ग की मौत हुई। इसलिए उन्होंने मांग की है कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। गौरव गोगोई ने पिछले दिनों एक एक्स (ट्विटर) पोस्ट में भी लिखा था, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि दिवंगत जुबीन गर्ग की मौत में लापरवाही हुई है। सिंगापुर में जुबीन गर्ग के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आयोजकों की थी। असम के लोगों को सच्चाई जानने का हक है।’ गोगोई ने यह भी कहा, ‘पुलिस जुबीन गर्ग के फैंस, सपोर्ट करने वाले लोगों के पीछे पड़ी है, जो समझ से परे है। न्यायिक प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।’
कैसे हुआ था जुबीन गर्ग का निधन
बताते चलें कि सिंगर जुबीन गर्ग (52) का निधन 19 सितंबर को सिंगापुर में डूबने के कारण हुआ। वह सिंगापुर नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने गए थे। 23 सितंबर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ गुवाहाटी के बाहरी इलाके कमरकुची में जुबीन के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। सिंगर के निधन की जांच की मांग जब उठी तो राज्य सरकार ने एक स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम बनाई। हाल ही में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक, जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और संगीतकार शेखर ज्योति गोस्वामी के घरों की भी तलाशी ली गई।