Arshad Warsi: 'जॉली एलएलबी-3' में होंगे अरशद-अक्षय आमने-सामने, इस सीन को शूट करते हुए घायल हुए अभिनेता
अरशद वारसी जल्द ही अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'जॉली एलएलबी-3' में नजर आएंगे। हाल ही में इस फिल्म से जुड़ी कुछ बातें अरशद वारसी ने साझा कीं।
विस्तार
अरशद वारसी अपनी आने वाली फिल्म 'जॉली एलएलबी-3' को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसमें वह और अक्षय कुमार साथ में काम करते हुए नजर आएंगे। इस सीरीज की पहली फिल्म में अरशद ने मुख्य मुखिया निभाई, वहीं दूसरी फिल्म में अक्षय कुमार मुख्य किरदार में रहे। दोनों ही फिल्मों को दर्शकों ने खूब प्यार दिया। 'जॉली एलएलबी' और 'जॉली एलएलबी-2' दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की। हाल ही में अरशद ने अपनी आने वाली फिल्म 'जॉली एलएलबी-3' के बारे में कुछ खास बातें एक इंटरव्यू में साझा कीं।
सेट पर हो गए घायल
अरशद बताते हैं कि फिल्म 'जॉली एलएलबी-3' के सेट पर उनके और अक्षय के बीच एक लड़ाई का सीन शूट हो रहा था, वैसे तो इस सीन को शूट होने में कई दिन लग जाते, लेकिन मैंने और अक्षय ने इसे एक ही टेक में कर दिया। इस सीन के दौरान मुझे चोट आ गई, खून भी निकला। घायल होने के बावजूद भी अरशद खुश हैं कि एक ही टेक में उन्होंने और अक्षय ने यह सीन कर दिया।
जॉली एलएलबी 2 के लिए अक्षय का नाम अरशद ने सुझाया
फिल्म 'जॉली एलएलबी-2' के बारे में भी एक बात अरशद साझा करते हैं। वह बताते हैं कि जब निर्देशक सुभाष कपूर उनके पास फिल्म लेकर आए तो उन्हें फिल्म की कहानी बहुत अच्छी नहीं लगी। साथ ही उन्हें लगा कि पार्ट-2 में दर्शक उन्हें देखने बड़ी संख्या में शायद ही आए। फिल्म में कोई बड़ा स्टार काम करेगा तो दर्शक उसे देखने थिएटर तक जरूर आएंगे। इसलिए अरशद ने निर्देशक को कहा कि वह अपनी फिल्म में अक्षय कुमार को लें। अक्षय के नाम पर फिल्म देखने दर्शक जरूर आएंगे।
फिल्म में लगेगा कॉमेडी का तड़का
अक्षय कुमार और अरशद वारसी का कॉमेडी में कोई सानी नहीं है। 'जॉली एलएलबी' के पहले दोनों पार्ट में अक्षय और अरशद ने दर्शकों को खूब हंसाया साथ ही सोशल मैसेज भी दिया। कॉमेडी का यही जादू अरशद और अक्षय 'जॉली एलएलबी-3' में भी चलाएंगे, दर्शकों को खूब गुदगुदाएंगे।