शिल्पा शिरोडकर की मौत की उड़ी थी अफवाह, परेशान हो गए थे एक्ट्रेस के घरवाले; अभिनेत्री ने बताया क्या था रिएक्शन
Shilpa Shirodkar: शिल्पा शिरोडकर ने उस घटना का जिक्र किया जब उनके निधन की अफवाह फैली थी। जानिए तब कैसा था परिवार का रिएक्शन…
विस्तार
शिल्पा शिरोडकर को एक बार एक चौंकाने वाली अफवाह का सामना करना पड़ा था कि उनकी मौत हो गई है। मीडिया में खबरें आई थीं कि शिल्पा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है, जिससे उन्हें जानने वाले सभी लोग डर गए। उनके परिवार और दोस्तों ने घबराहट में उन्हें फोन करना शुरू कर दिया ताकि पता चल सके कि वह ठीक हैं या नहीं। हाल ही में एक्ट्रेस ने इस घटना के बारे में बात करते हुए बताया कि वह समय उनके लिए कितना मुश्किल था।
सुनील शेट्टी के साथ शूटिंग कर रही थीं शिल्पा
पिंकविला से बात करते हुए शिल्पा शिरोडकर ने उस घटना को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनके परिवार में घबराहट फैल गई थी, जबकि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि क्या हो रहा है। उन्होंने याद करते हुए कहा कि मैं कुल्लू-मनाली में थी। मेरे पिता होटल में फोन करने की कोशिश कर रहे थे क्योंकि उस समय हमारे पास मोबाइल फोन नहीं थे।
मैं वहां सुनील शेट्टी के साथ शूटिंग कर रही थी। वहां शूटिंग देख रहे सभी लोग सोच रहे थे कि क्या यह शिल्पा है या कोई और क्योंकि उन्हें वह खबर पता चल गई थी। स्थिति तब और भी गंभीर हो गई जब उन्होंने दिन का काम खत्म किया और अपने होटल के कमरे में लौटीं, जहां उन्हें कई अनआंसर्ड कॉल्स मिले।
प्रोड्यूसर ने कराया था पब्लिसिटी स्टंट
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि जब मैं कमरे में वापस आई तो लगभग 20-25 मिस्ड कॉल आए हुए थे। मेरे माता-पिता परेशान थे। अखबार में एक हेडलाइन छपी थी कि शिल्पा शिरोडकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बाद में शिल्पा को इस पूरे मामले की सच्चाई पता चली कि यह फिल्म के प्रोड्यूसर का जान-बूझकर किया गया पब्लिसिटी स्टंट था, ताकि फिल्म के बारे में चर्चा हो सके।
जब उन्हें आखिरकार पता चला तो वह इस बात पर गुस्से के बजाय ज्यादा हैरान थीं। जब उन्होंने मुझे बताया, तो मैंने बस 'ठीक है' कहा। हां, यह थोड़ा ज्यादा हो गया था। उस समय कोई पीआर एक्टिविटी या ऐसी कोई चीज नहीं होती थी। कुछ पता ही नहीं था न। ऐसी कोई बात होने वाली है, यह जानने वाली मैं आखिरी इंसान थी। उस समय कोई इजाजत नहीं लेता था। फिल्म अच्छी चली, इसलिए मुझे ज्यादा गुस्सा नहीं आया।
शिल्पा की मौत की अफवाह उनकी 1995 की फील्म 'रघुवीर' से जुड़ी थी, जो सुनील शेट्टी की एक एक्शन फिल्म थी। लोगों ने यह अफवाह फैलाना शुरू कर दिया था कि फिल्म के सेट पर शिल्पा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। शिल्पा को 1990 के दशक की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक माना जाता था; उन्होंने कई सफल फिल्मों के ज़रिए अपनी पहचान बनाई थी।