विद्या बालन के एक नहीं कई सारे चेहरे हैं!
आज के एक्टर्स एक चेहरे पर कई चेहरे लगाकर अपना कैलिबर साबित कर रहे हैं। इसी कारण कमल हासन खूब चर्चा में रहे हैं और इन दिनों विद्या बालन भी खूब चर्चित हो रही हैं। विद्या बालन फिल्म `बॉबी जासूस' में बिल्किस अहमद नाम की हैदराबादी लड़की का किरदार निभा रही हैं।
बिल्किस को हैदराबाद की नंबर वन जासूस बनने का शौक है। इसी कारण वह फिल्म में 12 अलग रूपों में दिखाई देंगी। विद्या कहती हैं कि इस फिल्म के लिए उन्हें पुरुष किरदार का रूप धरने में सबसे ज्यादा मजा आया और एक जासूस का किरदार निभाने का आइडिया उन्हें इतना एक्साइटिंग लगा कि फिल्म के लिए हां कर दी।
122 गेटअप में हुए फाइनल
कहा जा रहा है कि इस फिल्म के लिए विद्या ने 122 रूपों को ट्राई किया, जिसमें बारह फाइनल हुए। फिल्म के ट्रेलर देखकर तो आसानी से कहा जा सकता है कि 4 जुलाई को रिलीज होने वाली इस फिल्म से विद्या फिर एक मानक रचेंगी। यह मानक होगा एक एक्टर की एक्टिंग की सीमाओं को एक ही प्रयास में विस्तार देने का।
ऐसा ही मानक अकसर रचते हैं कमल हासन। कमल हासन ने अपने फिल्मी करियर में जितने बहुरूप धरे होंगे, शायद ही वर्तमान के किसी और अभिनेता ने ऐसा प्रयास किया हो। आजकल कमल भी अपनी आने वाली फिल्म `उत्तम विलेन' के दोहरे व्यक्तित्व वाले किरदार और उसके रूप को लेकर चर्चा में हैं।
कमल हसन करते थे ऐसा
विद्या बालन ने इस फिल्म में अपने चेहरे पर कई चेहरे लगाकर अपनी एक्टिंग को एंटरटेनमेंट का भी डोज दे दिया है। ऐसे में अगर फिल्म सफल हो जाती है, तो विद्या बहुरूप धर कर हिट होने वाली संभवतः पहली हीरोइन भी बन जाएंगी और `लेडी शाहरुख खान’ की उपाधि के बाद उन्हें `लेडी कमल हासन’ की उपाधि भी दी जा सकती है।
क्या चल पाएगा इतने रूप का जादू?
फिल्म समीक्षक अनुज कुमार इस बात से सहमत हैं। वह कहते हैं, 'बहरूपिया के किरदार अब तक सिर्फ मेल एक्टर्स के लिए ही गढ़े जाते थे। 'चाची 420' और 'इंडियन' में कमल हासन ने गजब का रूप धरा था। अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए आमिर भी बहरूपिया बन चुके हैं।
बॉलीवुड में ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी फीमेल किरदार के लिए इस तरह के रोल गढ़े जा रहे हैं, क्योंकि विद्या बालन किसी मेल हीरो से कम नहीं हैं।’