वैलेंटाइन डे के मौके पर पत्नी नताशा संग यूं रोमांटिक होते नजर आए वरुण धवन, तस्वीर साझा कर कही ये बात
वरुण धवन ने अपनी मिसेज वैलेंटाइन नताशा दलाल के साथ एक खास तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। इतना ही नहीं उन्होंने इस तस्वीर को साझा करते हुए अपनी दिल की बात भी कही है। इस तस्वीर में वरुण नताशा को गले लगाते नजर आ रहे हैं। वरुण की इस तस्वीर को फैंस का खूब प्यार मिल रहा है।
वरुण ने इस तस्वीर को इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'हर दिन हर जगह'। इसके साथ उन्होंने दिल वाला इमोजी भी पोस्ट किया। तस्वीर में वरुण ने सिल्वर रंग की लंबी जैकेट पहनी है तो वहीं नताशा भी ग्रे कोट में नजर आ रही हैं। न्यूली मैरिड कपल की इस तस्वीर पर फैंस जमकर कमेंट भी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पर्दे पर कॉमेडी का डोज देने वाले वरुण धवन असल जिंदगी में अपनी दिल की बात हर किसी से जल्दी साझा नहीं करते। उन्होंने नताशा के साथ अपनी प्रेम कहानी को भी अपने फैंस से काफी समय तक छिपा कर रखा था। ये ही वजह है कि उनकी और नताशा की तस्वीरें बहुत ही कम देखने को मिलती हैं। हालांकि वरुण जब भी अपने प्यार का इजहार करते हैं तो फैंस को उनका ये अंदाज काफी पसंद आता है।
बता दें कि वरुण ने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था कि उनकी और नताशा की दोस्ती छठी कक्षा से शुरू हो गई थी। हालांकि जब वो 11-12वीं में पढ़ रहे थे तब उन्हें प्यार का एहसास हुआ था। वरुण को हां कहने से पहले नताशा ने उन्हें तीन बार ना कहा था, लेकिन वरुण ने हार नहीं मानी और उन्हें प्यार के बंधन में बांध लिया। वरुण और नताशा की शादी ने बॉलीवुड में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हुई उनकी तस्वीरों पर फैंस ने खूब प्यार लुटाया था।