फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Bollywood ›   Valentine 2026 Week: Love Stories That Ended Tragically in Bollywood Sushant Rhea Jiah Sooraj Pratyusha

इन्होंने जब इश्क में खुशियां मांगी..कांटों का हार मिला; सुशांत से लेकर जिया खान तक, मोहब्बत में टूटे ये सितारे

Tue, 10 Feb 2026 01:01 PM IST
गोधूलि श्रीवास्तव एंटरटेनमेंट डेस्क,अमर उजाला
एंटरटेनमेंट डेस्क,अमर उजाला Published by: गोधूलि श्रीवास्तव Updated Tue, 10 Feb 2026 01:01 PM IST
सार

Valentine Week Special 2026: बॉलीवुड में कई ऐसे सेलिब्रिटी कपल रहे जिन्हें साथ काम करते-करते मोहब्बत हुई। कुछ किसी की जान कहलाए तो कुछ जान से हाथ धो बैठे। कुछ ऐसे भी रहे जिनकी जिंदगी में इश्क करना किसी सदमे से कम नहीं रहा। जानिए कौन थे वो सितारे जिन्हें महबूब से इश्क का गुलाब तो मिला पर उसमें काटें ज्यादा थे।

विज्ञापन
Valentine 2026 Week: Love Stories That Ended Tragically in Bollywood Sushant Rhea Jiah Sooraj Pratyusha
वैलेंटाइन वीक स्पेशल - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विज्ञापन

किसी को मुक्कमल जहां नहीं मिलता, 
किसी को जमीन किसी को आसमां नहीं मिलता...


निदा फाजली का ये शेर खरा उतरा उन मशहूर हस्तियों पर जिन्हें अपने साथी से नफरत हुई तो मोहब्बत से कुछ ज्यादा ही हो गई। हर आम इंसान का सपना होता है कि उसकी जिंदगी में भी फेम हो। फेम अपने साथ पैसा लाए और बस फिर आप दुनिया के बादशाह। मगर सब हासिल हो जाए तो बात ही क्या ?

आज जिन सितारों की हम बात करेंगे उनकी कहानी कुछ ऐसी ही रही। इन्हें शोहरत और पैसा तो मिला पर इनकी मोहब्बत की दास्तां का अंत एक खतरनाक मोड़ पर हुआ। वैलेंटाइन वीक स्पेशल की इस चौथी कड़ी में बात होगी, मोहब्बत की, बेवफाई की, तड़प की और गुनाह की....

विज्ञापन

अधूरी रह गई बालिका वधू की लाल जोड़ा पहनने की तमन्ना

Valentine 2026 Week: Love Stories That Ended Tragically in Bollywood Sushant Rhea Jiah Sooraj Pratyusha
वैलेंटाइन वीक स्पेशल: प्रत्यूषा-राहुल - फोटो : X

जमशेदपुर से एक्ट्रेस बनने का ख्वाब लेकर आई एक लड़की, नाम था प्रत्यूषा बनर्जी। टीवी शो ‘बालिका वधू’ से जब पहला मौका मिला तो इस मासूम सी लड़की को दर्शकों ने खूब प्यार दिया। इंडस्ट्री में एक सुनहरा भविष्य एक्ट्रेस का इंतजार कर रहा था। 

साल 2015 में एक पार्टी में प्रत्यूषा की मुलाकात राहुल राज सिंह से हुई। इश्क की दस्तक हुई और प्रत्यूषा को अपने सपनों का शहजादा मिल गया था। दोनों अपनी मोहब्बत के चरम पर थे। रिलेशनशिप के तीन महीनों के अंदर ही कपल साथ में गोरेगांव में लिव इन में रहने लगा। 

सब कुछ ठीक ही चल रहा था मगर थोड़े दिनों में ही रिश्तों में खटास आ गई। प्रत्यूषा को काम न मिलना और राहुल का उन्हें न समझ पाना धीरे -धीरे एक्ट्रेस को अकेला कर गया। 

साल पूरा होते-होते प्रत्यूषा और राहुल ने शादी करने का फैसला किया। मगर फिर राहुल की एक्स गर्लफ्रेंड सलोनी से तनाव ने भी रिश्ते को कमजोर कर दिया। दूसरी तरफ वो परिवार से मिल रहे मानसिक तनाव को भी झेल रही थीं। 

आखिरकार एक रात ऐसी आई जब प्रत्यूषा इश्क और जिंदगी से जंग हार गईं। उन्होंने अपनी परेशानियों का अंत खुदकुशाी में ढूंढा। 1 अप्रैल 2016 को प्रत्यूषा ने मौत को गले लगा लिया। 

जीते जी तो प्रत्यूषा कभी शादी का लाल जोड़ा नहीं पहन पाईं पर अंतिम संस्कार में परिवार और चाहने वालों ने उन्हें लाल जोड़ा पहनाकर विदा किया गया। 

एक्ट्रेस की मौत के बाद उनके परिवार ने इल्जाम लगाया कि राहुल उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था। वहीं राहुल ने अपने बचाव में बताया कि एक्ट्रेस को उनके पिता पैसों के लिए परेशान करते थे।

वैलेंटाइन वीक सीरीज की पहली कड़ी यहां पढ़ें: Valentine Week Special: इश्क के दरिया में डूबे पर नहीं मिला किनारा, रेखा का अधूरा प्यार और मधुबाला का इंतजार

विज्ञापन

धोखा, जलन और इंतकाम की दास्तां में उलझे नीरज 

Valentine 2026 Week: Love Stories That Ended Tragically in Bollywood Sushant Rhea Jiah Sooraj Pratyusha
वैलेंटाइन वीक स्पेशल: मारिया-नीरज-जिराेम - फोटो : X

जब हाथ थामने वाले हाथों में ही खंजर हो तो मोहब्बत ही सबसे बड़ी दुश्मन बन जाती है। आज आपको सुनाएंगे कहानी उस एक रात की जिसमें तीन जिंदगियां हमेशा के लिए बदल गई। मई 2008 में मुंबई के मलाड इलाके में ऐसी वारदात हुई जिसने फिल्म इंडस्ट्री को पूरी तरह हिला कर रख दिया। ये फ्लैट था एक्ट्रेस और मॉडल मारिया सुसाइराज का। 

उस रात मारिया को भी नहीं पता था कि जिस घर को वो सजा रही है, जल्द ही वहां खून से तथपथ उनके दोस्त कास्टिंग डायरेक्टर नीरज ग्रोवर की लाश पड़ी होगी। और इस अपराध को अंजाम उनके ही मंगेतर जिरोम मैथ्यूज देंगे। 

स्टार बनने का सपना लेकर मुंबई पहुंचीं मारिया, नीरज से काम के सिलसिले में मिलती रहती थीं। यह मुलाकात जल्द अफेयर में बदल गई। नीरज से मिलने से पहले मारिया, लेफ्टिनेंट जिरोम मैथ्यूज के साथ रिश्ते में थीं। यह बात नीरज को भी पता थी कि मारिया का एक मंगेतर है और वो जल्द ही उससे शादी करने वाली हैं। फिर भी यह अफेयर जारी रहा। 

फिर आई 6 मई 2008 की वो रात। मारिया ने अपना घर शिफ्ट किया था। शिफ्टिंग में नीरज ने उनकी मदद की और रात में वहीं रुक गए। उसी रात जिरोम ने भी मारिया को फोन किया और उन्हें मारिया के साथ किसी के होने का शक हो गया। 

अगली सुबह जो हुआ न तो वो मारिया ने सोचा था और न ही नीरज ने। सुबह मारिया के दरवाजे पर किसी की दस्तक हुई। मारिया ने जब दरवाजा खोला तो दूसरी तरफ जिरोम खड़े थे। वो अंदर आए और उन्होंने नीरज को मारिया के बिस्तर पर सोते हुए देखा। यह देखकर उन्होंने अपना आपा खाे दिया। उनके और नीरज के बीच हाथा-पाई हुई और इसी बीच जिरोम ने नीरज की हत्या कर दी। 

नीरज का मर्डर करने के बाद मारिया और जिरोम ने मिलकर लाश को ठिकाने भी लगाया। हालांकि, पुलिस ने सच का पता लगा ही लिया। बार-बार बयान बदलने के बाद भी मारिया अपना अपराध नहीं छिपा सकीं। जिरोम मैथ्यूज पर कत्ल का और मारिया पर कत्ल में साथ देने का इल्जाम लगा। इंतकाम और जलन ने एक प्रेम कहानी को जेल तक पहुंचा दिया।

यह खबर भी पढ़ें: ‘बहुत आई गई यादें, मगर इस बार तुम्ही आना…’, स्मिता से लेकर शहनाज तक; अधूरी हाेकर भी पूरी हुई इनकी दास्तां

विज्ञापन

इश्क की तलाश में सिल्क ने दिया जिंदगी को धोखा 

Valentine 2026 Week: Love Stories That Ended Tragically in Bollywood Sushant Rhea Jiah Sooraj Pratyusha
वैलेंटाइन वीक स्पेशल: सिल्क स्मिता - फोटो : X

आंध्रप्रदेश के एलूर में एक मध्यम वर्गीय परिवार में जब एक लड़की विजयलक्ष्मी वदलपति का जन्म हुआ। उस वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि ये लड़की एक दिन साउथ इंडस्ट्री की सुपरस्टार बनेगी। 

कई मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जाता है कि सिल्क की शादी 14 साल की उम्र में ही कर दी गई थी। मगर दो साल तक घरेलू हिंसा का शिकार होने के बाद वो घर से भाग कर चेन्नई जा पहुंचीं।

यहां पहुंचकर उन्होंने अभिनेत्री अपर्णा के साथ टचआप आर्टिस्ट के तौर पर काम करना शुरू कर दिया। छोटे-मोटे रोल मिलने लगे। कुछ वक्त बाद निर्देशक एंटनी ईस्टमैन ने उन्हें एक मलयाली फिल्म में लीड रोल दिया और विजयलक्ष्मी का नाम बदलकर रखा स्मिता, जो आगे चलकर ‘सिल्क स्मिता’ के नाम से मशहूर हुईं। 

अपनी बोल्ड इमेज के चलते सिल्क धीरे-धीरे इंडस्ट्री पर राज करने लगीं पर उनके दिल पर जो भी राज करता बाद में उन्हें धोखा दे जाता था। इश्क की राह उनके लिए कभी आसान नहीं रही। 

17 साल के करियर में उन्होंने 450 से ज्यादा फिल्में की। मगर निजी जिंदगी सिल्क को सिर्फ धोखे ही मिले। फिर जब सिल्क का फिल्मी करियर नीचे आने लगा तो सिल्क की आर्थिक स्थिती भी कमजोर होने लगी। अंत में सिल्क ने चुना डॉ. रामाकृष्णन को जो एक प्रोड्यूसर थे। सिल्क उन पर बेहद भरोसा करती थीं पर इस रिश्ते से भी उन्हें धोखा ही मिला। 

1996 तक सिल्क समाज के दोहरे रूप और व्यक्तिगत रिश्तों के उतार-चढ़ाव से तंग आ चुकी थीं। 35 साल की उम्र में उन्होंने अपनी सांसों से भी अपना रिश्ता खत्म कर दिया।

यह खबर भी पढ़ें: नए जमाने के इश्क में घुला वफा का रंग, दीपवीर के लाल इश्क से लेकर रालिया के केसरिया तक; कैसे बने ये पावर कपल?

सुशांत ने तोड़ा जिंदगी से राब्ता

Valentine 2026 Week: Love Stories That Ended Tragically in Bollywood Sushant Rhea Jiah Sooraj Pratyusha
वैलेंटाइन वीक स्पेशल: सुशांत-रिया - फोटो : X

सुशांत सिंह राजपूत का नाम फिल्मी दुनिया के उन सितारों में शुमार था जिन्होंने बिना किसी गॉडफादर के इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई थी। टीवी शो ‘पवित्र रिश्ता’ से सुशांत ने पहली बार कैमरे का सामना किया। उनका मासूम सा चेहरा और भोली सी मुस्कान आज भी फैंस के दिल में कहीं छपी हुई है। 

जहां सुशांत के कदम दर्शकों की तरफ बढे़, वहीं उनके इश्क ने भी रफ्तार पकड़ी और उन्हें अपनी पहली को-स्टार अंकिता लोखंडे से प्यार हो गया। कुछ साल तक तो वो रिलेशनशिप में रहे पर जब सुशांत की बॉलीवुड में एंट्री हुई और काम बढ़ गया तो अंकिता के साथ उनके रिश्तों में खटास आ गई। 

अंकिता से अलग होने के बाद सुशांत का नाम कई को-एक्ट्रेसेस के साथ जोड़ा गया। हालांकि, सुशांत ये नहीं जानते थे कि जिस प्यार को भी शिद्दत से तलाश रहे हैं, एक दिन वो ही उन्हें तबाह कर देगा। 

साल 2013 में वो पहली बार अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती से एक जिम में मिले। दोनों के बीच सिर्फ एक सामान्य जान-पहचान रही पर 2019 में कोविड के दौरान सुशांत और रिया एक दूसरे के करीब आए। एक्ट्रेस ने अभिनेता के घर पर उनके साथ रहना शुरू कर दिया।

हमेशा चांद की तरफ देखने वाले सुशांत को रिया में अपनी चांदनी दिखने लगी। एक समय ऐसा भी आया जब एक्टर तनाव से गुजरे और तब वो रिया ही थीं जो उन्हें डॉक्टर के पास ले कर गईं। इसी साल दोनों ने साथ में एक कंपनी भी शुरू की। वक्त गुजरता रहा और सुशांत खुद से लड़ते रहे। 

आखिरकार 14 जून को अपने अपार्टमेंट में फांसी लगाकर उन्होंने जिंदगी से अपना राब्ता तोड़ लिया। शुरुआती जांच में इल्जाम रिया पर लगाए गए मगर उनके खिलाफ सीबीआई जांच में कुछ नहीं मिला। अंत में एक्ट्रेस को इस केस में क्लीन चिट मिली। 

दूसरी तरफ सुशांत के इश्क की तलाश कभी पूरी नहीं हुई। भारतीय सिनेमा का उभरता सितारा कुछ अनसुलझी पहेलियां छोड़कर दुनिया को अलविदा कह गया।

यह खबर भी पढ़ें: 

कागज पर गम लिखते-लिखते इश्क में निशब्द हुईं जिया

Valentine 2026 Week: Love Stories That Ended Tragically in Bollywood Sushant Rhea Jiah Sooraj Pratyusha
वैलेंटाइन वीक स्पेशल: जिया-सूरज - फोटो : X

कागज पर गम लिखते-लिखते इश्क में निशब्द हुईं जिया

फिल्मी दुनिया में डेब्यू करना और यहां कदम जमाए रखना, दोनों ही आसान नहीं। फिल्म निर्देशक मुकेश भट्ट साल 2004 में 16 साल जिया खान को फिल्म 'तुमसा नहीं देखा' में इमरान हाशमी के अपोजिट कास्ट करने का मन बना रहे थे। हालांकि, बाद में उन्हें लगा कि इस रोल के लिए जिया बहुत छोटी हैं और उन्हें दीया मिर्जा से रिप्लेस कर दिया गया।

तीन साल बाद 2007 में जिया ने राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘निशब्द’ से अमिताभ बच्चन के साथ डेब्यू किया। इसके बाद दूसरी फिल्म आमिर खान के साथ ‘गजनी’ की पर फिर अचानक उन्हें काम मिलना बंद हो गया। 2010 में शाहिद कपूर के अपोजिट ‘चांस पे डांस’ में लीड एक्ट्रेस चुना गय पर वहां से भी उन्हें रिप्लेस कर दिया गया। 

इस उतार-चढ़ाव भरे सफर में जिया के साथी रहे सूरज पंचोली। दोनों की मुलाकात सितंबर 2012 में फेसबुक के जरिए हुई थी। अकेलेपन से जूझ रहीं जिया की जिंदगी में सूरज खुशियां लेकर आए। दोनों लगभग 10 महीने तक एक-दूसरे के साथ रहे। जिया, सूरज से बेहद प्यार करती थीं लेकिन वे असुरक्षा और डिप्रेशन से भी घिरी हुई थीं। सूरज के मुताबिक, उनका स्वभाव काफी पजेसिव था। 

और फिर 3 जून 2013 का वो मनहूस दिन आया जब जिया ने सूरज और इंडस्ट्री समेत सबका साथ छोड़ दिया। एक्ट्रेस ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 

पीछे छोड़ा एक सुसाइड नोट। इसमें उनके रिश्ते में शारीरिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना और धोखे जैसे गंभीर आरोप सामने आए। नोट में जिया ने अपने अबॉर्शन और सूरज की बेवफाई का भी जिक्र किया था। जिया ने अपना पूरा दर्द कागज पर उतारा था। उनका इश्क भी अधूरा ही रहा।

---------------------------------

वैलेंटाइन वीक स्पेशल की इस कड़ी में कल पढ़िए  
ऐसे सेलिब्रिटी कपल्स की कहानी जिनकी मोहब्बत में शिद्दत तो थी पर ऊपरवाले को कुछ और ही मंजूर था। 

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें मनोरंजन समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे बॉलीवुड न्यूज़, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट हॉलीवुड न्यूज़ और मूवी रिव्यु आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed