तुकाराम मुंढे: बॉलीवुड सितारों के सपोर्ट पर अधिकारी का रिएक्शन आया सामने, जाहिर की खुशी; बोले- शुक्रगुजार हूं
Tukaram Mundhe: महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे इन दिनों लगातार चर्चा में हैं। बॉलीवुड के कई सितारों ने भी उनके काम की तारीफ की है। अब सितारों के सपोर्ट पर तुकाराम ने रिएक्शन दिया है।
विस्तार
हाल ही में प्रीति जिंटा को एक ब्लैक टी-शर्ट पहने देखा गया था, जिस पर ‘टीम तुकाराम मुंढे’ लिखा हुआ था। जब प्रीति से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'अब इन हीरोज को सेलिब्रेट करने का समय है।'
वहीं, मल्लिका शेरावत ने भी एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह तुकाराम मुंढे की सख्त फूड सेफ्टी जांच और साफ-सफाई के नियमों के उल्लंघन के खिलाफ उनकी कार्रवाई की तारीफ करती नजर आईं। बॉलीवुड के सलमान खान, मनोज बाजपेयी और ट्विंकल खन्ना जैसे सितारे भी तुकाराम मुंढे के सख्त रवैये और काम की तारीफ कर चुके हैं।
सिर्फ टी-शर्ट पहनना काफी नहीं
प्रीति जिंटा की ‘टीम तुकाराम मुंढे’ वाली टी-शर्ट पर बात करते हुए एफडीए कमिश्नर ने कहा, 'नहीं, मैंने उनसे व्यक्तिगत तौर पर बात नहीं की है और न ही फोन पर हमारी कोई बातचीत हुई है। लेकिन मैं आभारी हूं कि उन्होंने ‘टीम तुकाराम मुंढे’ का जिक्र किया।'
उन्होंने पीटीआई वीडियो से बातचीत में कहा, 'मुझे लगता है कि समाज के हर लेवल और हर क्षेत्र में अच्छे इरादों वाले लोग मौजूद हैं। इन अच्छे कामों के लिए एक टीम बननी चाहिए। अच्छे विचारों और अच्छे कामों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।'
तुकाराम मुंढे ने यह भी कहा कि सिर्फ ‘टीम तुकाराम मुंढे’ लिखी टी-शर्ट पहनना काफी नहीं है। उनके मुताबिक सिर्फ नाम दिखाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सही काम करना और सही सोच अपनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे सभी अच्छे लोगों को फूड सेफ्टी से जुड़ी समस्याओं से निपटने के लिए साथ आना चाहिए। उनका कहना है कि मकसद समाज को आगे बढ़ाना होना चाहिए।
Preity Zinta has also become a fan of FDA chief Tukaram Mundhe 🔥😎
— Chota Don (@choga_don) September 6, 2026
IAS officer Tukaram Mundhe is known for his strict FDA crackdown on food adulteration in Maharashtra.
He is leading a massive crackdown on food and drug adulteration across Maharashtra.
Within 2 months of… pic.twitter.com/wQ9YOohi52
हाल ही में मल्लिका शेरावत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इसमें वह इडली और चटनी खाते हुए हिंदी और मराठी के मिश्रण में तुकाराम मुंढे को धन्यवाद देती नजर आईं। उन्होंने कहा, 'आपकी वजह से अब मैं शांति से खाना खा सकती हूं... आपकी नजरों से कुछ बचता नहीं है।'
मल्लिका के इस अंदाज पर तुकाराम मुंढे ने भी रिएक्शन दिया। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को मिलावटी, असुरक्षित और अस्वास्थ्यकर चीजों पर नजर रखनी चाहिए। खासकर ऐसी चीजों पर जिनमें ज्यादा फैट, चीनी या नमक हो और जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं।
उन्होंने कहा, 'मैं अपनी तरफ से कोशिश कर रहा हूं और अपनी जिम्मेदारी निभा रहा हूं। हालांकि, मुझे लगता है कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का काम नहीं है, बल्कि यह टीम की कोशिश होनी चाहिए।' इन सितारों के अलावा एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना भी तुकाराम मुंढे की तारीफ कर चुकी है।