Tu Jhoothi Main Makkaar: रिलीज के बाद लीक हुई 'तू झूठी मैं मक्कार'? रणबीर-श्रद्धा और मेकर्स को लगा तगड़ा झटका
'तू झूठी मैं मक्कार' सिनेमाघरों में आज रिलीज हो चुकी है। इस बीच मेकर्स के लिए बुरी खबर सामने आई है। कहा जा रहा है कि रिलीज के बाद ही यह फिल्म ऑनलाइन लीक हो चुकी है।
विस्तार
रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'तू झूठी मैं मक्कार' आज बुधवार आठ मार्च को होली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। लव रंजन की फिल्म साल की सबसे बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड फिल्मों में से एक रही है। फिल्म अच्छी ओपनिंग के लिए तैयार है और इंडस्ट्री के लोगों को उम्मीद है कि यह फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई करेगी, लेकिन इस बीच मेकर्स के लिए बुरी खबर सामने आई है। कहा जा रहा है कि रिलीज के बाद ही यह फिल्म ऑनलाइन लीक हो चुकी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के रिलीज होने के कुछ ही घंटों बाद इसे तमिलरॉकर्स, फिल्मीजिला, मूवीरूलेज जैसी वेबसाइट पर अवैध तरीके से उपलब्ध कराया गया है। 'तू झूठी मैं मक्कार' एचडी क्वालिटी में कई वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है। कहा जा रहा है कि यह 180p, 720p, 480p, 360p, 240p और एचडी में कई वेबसाइट पर उपलब्ध है। फिल्म के लीक होने के बाद से मेकर्स परेशान हैं। फिल्म के लीक होने से बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर असर पड़ सकता है।
Luv Ranjan Interview: 'तू झूठी मैं मक्कार' देखने के बाद लोग इसका मतलब समझ पाएंगे, शुरू से यही नाम था मेरे पास
हालांकि, अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि फिल्म के एचडी प्रिंट कहां से चोरी किए गए हैं। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले भी कई फिल्में रिलीज से पहले या रिलीज के चंद घंटों बाद ही लीक हो चुकी हैं। इससे पहले शाहरुख खान की 'पठान' और अजय देवगन की 'दृश्यम 2' सहित कई फिल्में ऑनलाइन लीक हुई थीं। हालांकि, लीक होने के बाद भी इन फिल्मों की कमाई पर कोई असर नहीं हुआ। अब देखना यह होगा कि 'तू झूठी मैं मक्कार' पर इसका कितना असर होता है।
Govinda: जब गोविंदा की मां ने कहा, 'तू भीख मांगेगा', सुनकर एक्टर के उड़ गए थे होश, जानिए क्या था मामला
'तू झूठी मैं मक्कार' को लव रंजन ने लिखा और निर्देशित किया है। यह एक रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म में रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा फिल्म में बोनी कपूर और डिंपल कपाड़िया भी अपने अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। इस फिल्म को 50 से 70 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया है। एडवांस बुकिंग को देखते हुए यह उम्मीद जताई जा रही है कि ओपनिंग डे पर फिल्म शानदार कमाई करेगी।
Amitabh Bachchan : राज कपूर की होली पार्टी अमिताभ के लिए बनी संजीवनी, इस गाने ने बदल दिया 'बीग बी' का करियर