रिलीज के पहले दिन 'द केरल स्टोरी 2' की हुई धीमी शुरुआत, कई शो हुए कैंसल; दूसरे दिन की एडवांस बुकिंग भी सीमित
The Kerala Story 2: 27 फरवरी 2026 को रिलीज हुई 'द केरल स्टोरी 2' को रिलीज के पहले दिन उम्मीद से धीमी शुरुआत देखने को मिली। इस वजह से कई शो कैंसल भी किए गए।
विस्तार
केरल के कुछ हिस्सों में उम्मीद के मुताबिक दर्शक नहीं मिले। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोच्चि, त्रिशूर और कोझिकोड के कुछ सिनेमाघरों में पहले दिन रात के शो दर्शकों की कमी के कारण नहीं चल पाए। दूसरे दिन की एडवांस बुकिंग भी सीमित बताई जा रही है।
कई शो हुए कैंसल
तिरुवनंतपुरम के लुलु मॉल, मॉल ऑफ ट्रावनकोर, एरीज और ग्रीनफील्ड सिनेमाज में शो शेड्यूल किए गए हैं। लुलु मॉल में लगभग 25 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई। वहीं एरीज में दोपहर 2:45 बजे के शो के लिए सिर्फ 5 टिकट बुक हुए। थिएटर मैनेजमेंट का कहना है कि कम से कम 10 टिकट होने पर ही शो चलाया जाएगा।
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है और इसे प्रोड्यूस विपुल अमृतलाल शाह ने किया है। यह फिल्म उस दावे पर आधारित है कि कुछ युवा हिंदू महिलाओं को अंतरधार्मिक विवाह के लिए बहलाया-फुसलाया जाता है और शादी के बाद उन्हें उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन का सामना करना पड़ता है। फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फिल्म चर्चा और विवाद का विषय बनी हुई है।
ट्रेलर में देश के अलग-अलग हिस्सों से आई तीन हिंदू महिलाओं की कहानी दिखाई गई है, जो अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ मुस्लिम युवकों से शादी करती हैं। शादी के बाद उनकी जिंदगी में आने वाले भावनात्मक अकेलेपन और रिश्तों की परेशानियों को फिल्म में दर्शाया गया है।