दूसरे हफ्ते में फ्लॉप हुआ कपिल का शो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कपिल शर्मा ने जब अपना कॉमेडी शो नए चैनल पर शुरू किया तो आम धारणा बनी कि वह नई बोतल में पुरानी शराब लाए हैं। जिज्ञासावश दर्शकों ने पहले हफ्ते शो देखा मगर दूसरे हफ्ते में दूर हो गए। कपिल के सामने लोकप्रियता की नई ऊंचाई छूना अब बड़ी चुनौती है।
कॉमेडी किंग कपिल शर्मा की बादशाहत पर संकट के बादल मंडरा गए हैं। कलर्स को छोड़ सोनी पर नई पारी उन्होंने जरूर शुरू की है मगर नई बोतल में उनकी पुरानी शराब को दर्शकों को नकार दिया है। दूसरे ही हफ्ते कपिल के शो की टीआरपी में जबर्दस्त गिरावट आई है। साफ मतलब है कि कपिल और उनके साथियों की सोसायटी के लिए दर्शक ‘नॉन-कोऑपरेटिव’ बन गए हैं। ऐसे में कपिल और उनकी टीम पर कुछ नया करने का पहले जो दबाव था, वह बढ़ गया है।
सूत्रों की मानें तो दूसरे हफ्ते की टीआरपी से चैनल को तगड़ा झटका लगा है और अंदर-अंदर हलचल शुरू हो गई है। कपिल को पिछले चैनल से कहीं मोटी फीस और उदार अनुबंध पर सोनी ने अनुबंधित किया है।
टेलीविजन पर दर्शकों की गणना का अध्ययन करने वाली संस्था ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल ऑफ इंडिया (बार्क) द्वारा 30 अप्रैल से छह मई 2016 की टीआरपी के मुताबिक सोनी पर धूमधाम से आया द कपिल शर्मा कॉमेडी शो अपने प्रसारण के दूसरे हफ्ते में फ्लाप साबित हुआ। आम दर्शकों की राय है कि कपिल खुद को दोहरा रहे हैं। नए शो में नयापन ही नहीं है। जो पुराने शो में होता था वही दिखाया जा रहा है।
पहला शो शानदार, दूसरे में पलटी बाजी
कपिल के शो का पहला एपिसोड दर्शक संख्या के लिहाज से बहुत शानदार रहा था। इस एपिसोड में उन्हें तीन टीआरपी मिली थी। जबकि उन्हें बेहतर शुरुआत से रोकने के लिए प्रतिद्वंद्वि चैनल कलर्स ने उसी दौरान पिछले साल की हिट फिल्म बाजीराव-मस्तानी दिखाई थी, जिसे 2.4 टीआरपी पर संतोष करना पड़ा था। मगर एक हफ्ते में बाजी पलट गई। कपिल के शो की टीआरपी दूसरे हफ्ते में 1.9 रह गई। जो पहले हफ्ते के मुकाबले कहीं कम है।
रोचक बात यह है कि कपिल को टक्कर देने वाले कलर्स के कॉमेडी नाइट्स लाइव (1.7) और कॉमेडी नाइट्स बचाओ (1.5) उनसे अधिक पीछे नहीं हैं। ऐसे में आने वाले हफ्तों में कपिल के शो को अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ेगा। साथ ही अगर कलर्स ने अपने कॉमेडी शो की कपिल के मुकाबले अच्छी मार्केटिंग/पैकेजिंग/प्रमोशन किए, तो कपिल पिछड़ भी सकते हैं।
जानकारों की मानें तो आने वाले हफ्तों में कपिल ने अगर जल्द ही कुछ नया और रोचक नहीं किया तो 1.9 की टीआरपी बरकरार रखना भी मुश्किल साबित हो सकता है। रीयलिटी शो में 30 अप्रैल से छह मई की रेटिंग में इंडियाज गॉट टैलेंट नंबर वन (2.3) रहा। इस रेटिंग में नागिन सर्वश्रेष्ठ यानी नंबर एक कार्यक्रम बना हुआ है। जबकि जी के चक्रवर्ती सम्राट अशोक को मोहित रैना की एंट्री से दर्शक संख्या का विशेष लाभ नहीं हुआ है। आईपीएल क्रिकेट के मैच इधर सबसे ज्यादा दर्शकों को अपनी तरफ खींच रहे हैं।
फिल्मी करिअर पर होगा असर
पिछले साल कपिल शर्मा ने अपना फिल्मी करिअर भी शुरू किया और किस किस को प्यार करूं के रूप में पहली फिल्म हिट दी। परंतु इसके बाद उनका दिमाग सातवें आसमान पर जा पहुंचा और उन्होंने करोड़ों में फीस मांगनी शुरू कर दी। तब कहा गया कि कपिल सफलता को संभाल नहीं पा रहे हैं। ऐसे में निर्माताओं ने अपने कदम पीछे खींच लिए। सबकी नजर कपिल की सोनी की नई पारी पर थी कि इसके हिसाब से उनकी फिल्मी कीमत भी तय होगी। शो के दूसरे हफ्ते में फ्लॉप होते ही साफ हो गया कि कपिल को दूसरी फिल्म के लिए अब संघर्ष करना पड़ेगा।
किस किस को प्यार करूं की सफलता के बाद इंडस्ट्री में खबरें थी कि कपिल ने अपनी फीस पांच गुना बढ़ा दी है। पहली फिल्म के लिए उन्होंने एक करोड़ रुपए लिए थे, मगर दूसरी के लिए उन्हें उनकी मांग के हिसाब से पांच करोड़ देने को कोई तैयार नहीं था। कहा जाता है कि कपिल के रवैये की वजह से ही उनका यशराज फिल्म्स जैसे बैनर से डेब्यू नहीं हो सका। फिल्म बैंक चोर उनके हाथ से निकल गई।
कपिल के करीबियों का दावा रहा है कि किस किस को प्यार करूं, उनके बलबूते हिट हुई। प्रशंसकों ने फिल्म को हिट बनाया। जबकि फिल्म ट्रेड के जानकारों के मुताबिक निर्देशक अब्बास-मुस्तन ने कसे हुए बजट में फिल्म बनाई, इसलिए निर्माताओं को लाभ हुआ। अब्बास-मुस्तन ने कपिल के साथ एक और फिल्म की योजना बनाई थी।
इसके अलावा तीन अन्य निर्माता भी कपिल के पास फिल्मों के प्रस्ताव लेकर गए थे। लेकर फिल्म शुरू करनी चाही थी परंतु जब उन्होंने पांच करोड़ फीस बताई तो चारों फिल्में रुक गईं। कॉमेडी शो की दूसरी पारी में कपिल अगर जल्दी नहीं संभले तो फिल्मों में जमने का उनका सपना साकार नहीं हो सकेगा।