तेरा साईं: संजय मिश्रा की साईं बाबा पर बनी फिल्म से जुड़ी टी-सीरीज कंपनी, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
- फिल्म 'तेरा साईं' को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है।
- शिरडी के साईं बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित इस फिल्म से अब म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज भी जुड़ गई है।
- जानिए कब रिलीज होगी फिल्म।
विस्तार
फिल्म से जुड़ी म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज
शिरडी के साईं बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर आधारित फिल्म 'तेरा साईं' से अब म्यूजिक कंपनी टी-सीरीज भी जुड़ गई है। टी-सीरीज के फिल्म से जुड़ने के बाद इसके संगीत को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।
फिल्म की कहानी साईं बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और उनके संदेशों पर आधारित है। इसमें प्रेम, दया, विश्वास और इंसानियत जैसे विषयों को दिखाया जाएगा। मेकर्स का मकसद साईं बाबा के जीवन और उनके विचारों को बड़े पर्दे के जरिए दर्शकों तक पहुंचाना है।
फिल्म 'तेरा साईं' में संजय मिश्रा शिरडी के साईं बाबा की भूमिका निभाते नजर आएंगे। अभिनेता अपनी शानदार अदाकारी और अलग-अलग तरह के किरदारों के लिए जाने जाते हैं। इस बार वह ऐसे आध्यात्मिक व्यक्तित्व का किरदार निभा रहे हैं, जिन पर देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों लोगों की आस्था है।
फिल्म को शैलेश एस. संघवी ने एस3 फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। संजय मिश्रा के अलावा फिल्म में सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओमकार दास मानिकपुरी, अविका गौर और रोहन मेहरा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'तेरा साईं' का निर्देशन पलाश मुच्छल ने किया है। वह संगीत और फिल्म निर्माण से पहले भी जुड़े रहे हैं। इस फिल्म के जरिए वह आध्यात्मिक विषय को बड़े पर्दे पर पेश करने जा रहे हैं। 'तेरा साईं' 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ये भी पढ़ें- आमिर खान और गौरी स्प्रैट बदलेंगे अपना घर?: जिस मकान में हुई थी शादी अब उसे छोड़ने की आई नौबत! जानें पूरा मामला