SSR Case: कोर्ट में होगी सुशांत सिंह राजपूत मामले पर सुनवाई, पिता बोले- 'तभी सुकून मिलेगा जब दोषी पकड़ा जाएगा'
SSR Case: सुशांत सिंह राजपूत मामले में अब कोर्ट में जल्द सुनवाई होने जा रही है। इस बीच अभिनेता के पिता ने एक बातचीत में न्याय की उम्मीद लगाई है।
विस्तार
बॉम्बे हाई कोर्ट में 19 फरवरी को सुशांत सिंह राजपूत मामले को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई होगी। इस मामले पर बात करते हुए सुशांत सिंह राजपूत के पिता के.के सिंह ने कहा कि इस बार उन्हें पूरी उम्मीद है कि कोर्ट से जो भी फैसला आएगा, सही आएगा और जल्दी आएगा।
सुशांत के पिता ने एएनआई से बातचीत में कहा- ‘उम्मीद है कि इस बार कोर्ट से सही फैसला आएगा। हमें सीबीआई से बहुत उम्मीदें थीं पर सीबीआई ने अपना काम समय पर नहीं किया। अब जब मामला कोर्ट में आ गया है तो हमें उम्मीद है कि न्याय मिलेगा।'
Vijay Deverakonda: चोट से उबरने के बाद विशाखापत्तनम पहुंचे विजय देवरकोंडा: पूरा करेंगे ये जरूरी काम
वहीं महाराष्ट्र की मौजूदा सरकार पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र सरकार से भी हमें काफी उम्मीदें हैं। वर्तमान में जो सीएम हैं वो जो कुछ भी करेंगे अच्छा ही करेंगे। बाकी सरकार से हमारी कोई मांग नहीं है। हम जो उनसे मांग करने वाले थे वो उन्होंने खुद ही शुरू कर दी है।'
#WATCH | Patna, Bihar: On Bombay High Court to hear a Public Interest Litigation (PIL) on February 19, in the actor Sushant Singh Rajput case, Sushant Singh Rajput's father, KK Singh, says, "This time we hope that the court will give justice. We had hope from the CBI but the CBI… pic.twitter.com/MxBvIjZsUo
— ANI (@ANI) February 15, 2025
सुशांत के पिता ने आगे कहा, ‘हम लोगों ने भी मीडिया और दस लोगों के मुंह से इस बारे में काफी कुछ सुना है पर सच तो कोर्ट ही सामने ला सकता है। बाकी इतना जरूर कह सकता हूं कि सुशांत ने आत्महत्या नहीं की है। अब जो भी सच होगा सामने आ जाएगा। यकीन है कि कोर्ट से हमें न्याय मिलेगा ही। बीते पांच साल से तकलीफ ही तकलीफ है। अब तो सुकून तभी मिलेगा जब सुनेंगे कि दोषी पकड़ा गया है।’
वहीं जब फिल्म इंडस्ट्री से मिले सपोर्ट के बारे में पूछा गया तो के.के सिंह ने कहा- ‘फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने संपर्क भी किया। कुछ घर पर भी मिलने आए थे। कईयों ने यह भी सुनिश्चित किया था कि किसी तरह की मदद या पूछताछ होगी तो हम उसमें मदद करेंगे पर ऐसा कुछ हुआ नहीं।’
गौरतलब है कि 14 जून, 2020 को सुशांत सिंह राजपूत की असामयिक मौत ने हर किसी को सदमे में डाल दिया। छोटे पर्दे से करियर की शुरुआत कर बड़े पर्दे तक का मुश्किल सफर तय करने वाले सुशांत ने महज 34 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। सुशांत अपने बांद्रा स्थित अपार्टमेंट के बेडरूम में फांसी के फंदे पर लटके पाए गए थे। शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या करार दिया। हालांकि, फैंस का बढ़ता गुस्सा और एक्टर के पिता की मांग पर इस केस ने नया मोड़ ले लिया। सुशांत के पिता ने इसे मर्डर बताते हुए मामला दर्ज कराया और देखते ही देखते लोगों का एक वर्ग उनके साथ जुड़ता चला गया। मामले में सोशल मीडिया पर एक मुहिम शुरू हो गई और केस को सीबीआई के हवाले कर दिया गया। जांच की आवाज उठी तो एक्टर की एक्स गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती शक के दायरे में आईं। इसके अलावा सुशांत के कुछ इंडस्ट्री फ्रेंड्स पर भी शक की सुई अटकी। जांच और आगे बढ़ी और इसमें ड्रग का एंगल भी सामने आया। इस केस की जांच के अब पांच साल पूरे होने वाले हैं।
संबंधित वीडियो