KL Rahul-Athiya Shetty: कब शादी करेंगे केएल राहुल-अथिया शेट्टी? सुनील शेट्टी ने फैंस को बताई कपल की प्लानिंग
अथिया शेट्टी और केएल राहुल अपनी शादी की खबरों की वजह से लाइमलाइट में हैं। दावा है कि दोनों जल्द ही शादी कर सकते हैं और अब सुनील शेट्टी ने दोनों की शादी पर बड़ा बयान दिया है।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी और भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल का रिश्ता किसी से छिपा नहीं है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। केएल राहुल और अथिया बेशक मीडिया में एक-दूसरे के बारे में बोलने से बचते हैं लेकिन सोशल मीडिया के जरिए दोनों ही एक-दूसरे के लिए प्यार दिखाने का एक भी मौका नहीं छोड़ते। बीते काफी समय से दावा किया जा रहा है कि अथिया और केएल राहुल शादी करने वाले हैं। कई रिपोर्ट्स में वेडिंग से जुड़ी जानकारी भी सामने आई। वहीं, अब अथिया शेट्टी के पिता और अभिनेता सुनील शेट्टी ने कपल की शादी की प्लानिंग पर बात की है।
सुनील शेट्टी ने कही ये बात
सुनील शेट्टी से अक्सर अथिया शेट्टी और केएल राहुल से जुड़े सवाल किए जाते हैं और उन्हें इन सवालों का सामना लेटेस्ट इंटरव्यू में भी करना पड़ा। अभिनेता से अथिया और केएल राहुल की शादी की प्लानिंग के बारे में पूछा गया। इस पर सुनील शेट्टी ने जवाब देते हुए कहा कि मुझे लगता है कि जैसे ही बच्चे तय कर लेंगे। राहुल का अभी एशिया कप है, वर्ल्ड कप है, साउथ अफ्रीका टूर है, ऑस्ट्रेलिया टूर है। ऐसे में जब भी बच्चों को ब्रेक मिलेगा तब उनकी शादी होगी। रेस्ट डे पर शादी नहीं हो सकती।‘
लिव-इन में रह रहे हैं अथिया और केएल राहुल
केएल राहुल और अथिया शेट्टी की शादी की खबरें काफी समय से बनी हुई हैं। इसी बीच दोनों के लिव-इन में रहने की खबर भी सामने आई थी। बीते दिनों एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि केएल राहुल और अथिया शेट्टी दोनों एक घर में शिफ्ट हो गए हैं। दोनों को ब्रांदा के कार्टर रोड पर एक घर मिला है जहां पर वे साथ ही रह रहे हैं। नए घर में एक साथ शिफ्ट होने के बाद ही शादी की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, इन दिनों केएल राहुल जिम्बाब्वे के साथ क्रिकेट मैच में बिजी हैं।
शादी की खबरों पर अथिया ने कही ये बात
हालांकि, अपनी शादी के खबरों पर एक बार खुद अथिया शेट्टी को भी सामने आकर प्रतिक्रिया देनी पड़ गई थी। पिछले दिनों अथिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शादी की खबरों पर प्रतिक्रिया दी थी। स्टोरी शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, 'मुझे उम्मीद है कि मुझे 3 महीने में होने वाली शादी में आमंत्रित किया जाएगा।'