Arbaaz Khan: करियर और रिलेशनशिप के चलते तनाव से गुजर चुके हैं अरबाज खान, बोले- अब तो आगे बढ़ना सीख लिया
अरबाज खान ने हाल ही में अपनी जिंदगी के तनावपूर्ण पलों की चर्चा की। उन्होंने कहा, 'हम तनाव से लड़ते रहते हैं। किसी की जिंदगी में ऐसा कोई पल नहीं होता, जब स्ट्रेस न हो।'
विस्तार
बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान इन दिनों अपनी आगामी वेब सीरीज 'तनाव' को लेकर चर्चा में हैं। एक्टर की यह वेब सीरीज 11 नंबर 2022 को सोनी लिव पर रिलीज होने वाली है। इसके अलावा अरबाज ने बतौर प्रोड्यूसर भी अपनी अगली फिल्म 'पटना शुक्ला' का एलान कर दिया है। इन दिनों काम के सिलसिले में अरबाज बेहद व्यस्त हैं। मगर कभी ऐसा भी समय था, जब अरबाज खान अपने करियर को लेकर तनाव से गुजर रहे थे। हाल ही में एक बातचीत के दौरान खुद अरबाज खान ने यह बात कही है। एक्टर का कहना है कि जिंदगी का एक दौर ऐसा भी था, जब बिना तनाव के एक पल नहीं गुजरता था। सेहत, रिलेशनशिप और करियर तमाम चीजें ऐसी थीं, जिनके चलते अरबाज स्ट्रेस से गुजरे।
'पूरी जिंदगी चलता है तनाव'
बता दें कि अरबाज खान ने हाल ही में अपनी जिंदगी के तनावपूर्ण पलों की चर्चा की। एक्टर ने कहा, 'हम तनाव से लड़ते रहते हैं। किसी की जिंदगी में ऐसा कोई पल नहीं होता, जब स्ट्रेस न हो। तनाव कभी काम का होता है, कभी पैसे का होता है तो कभी रिलेशनशिप या हेल्थ का होता है। यह पूरी जिंदगी चलता रहता है। आप अपनी जिंदगी के सभी पहलुओं में हमेशा बिना तनाव के नहीं रह सकते हैं। सवाल यह है कि इसमें संतुलन कैसे बनाया जाए।'
आगे बढ़ना सीख लिया
अरबाज खान ने इस बात का भी जिक्र किया कि उन्होंने चीजों को हैंडल करना कैसे सीखा और किस तरह संतुलन बना पाते हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने यह चीज सीखी, क्योंकि मेरी युवावस्था में ऐसा समय था, जब मैंने बहुत सी चीजों को लेकर बेहद तनाव महसूस किया। जब आप जिंदगी के 20वें वर्ष में होते हो तो आप अपने करियर और जिंदगी के बारे में सोचते हो। इससे जुड़ा तनाव अंतर्निहित होता है। समय के साथ आपको चीजों को देखना सीखना होगा। यह एक प्रक्रिया है। अब मैं जिंदगी में बहुत सी चीजों को स्वीकार करता हूं और आगे बढ़ जाता हूं।'
कश्मीर पर आधारित है सीरीज
अरबाज की 'तनाव' वेब सीरीज की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक यह इजराइली ड्रामा Fauda का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। इसमें अरबाज खान के अलावा मानव विज, जरीना वहाब और रजत कपूर सहित कई बड़े एक्टर्स नजर आएंगे। सीरीज की कहानी 2017 की कश्मीर के बैकग्राउंड पर आधारित है। सीरीज में कश्मीर की जटिल परिस्थितियों को दिखाया जाएगा। अरबाज की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा से शादी की थी। हालांकि, अब दोनों का तलाक हो चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अरबाज इन दिनों जॉर्जिया एंड्रियानी को डेट कर रहे हैं।