चर्चा में: जानिये कितनी संपत्ति के मालिक हैं सोनू सूद? मात्र 5500 रुपये लेकर आये थे मुंबई
अभिनेता सोनू सूद सुर्खियों में बने हुए हैं। आयकर विभाग ने उनकी कमाई, खर्चे और अकाउंट की डिटेल खंगाली हैं। उनके परिसर में आयकर विभाग के पहुंचने के बाद से ही वो ट्विटर पर भी ट्रेंड करने लगे हैं।
विस्तार
अभिनेता सोनू सूद सुर्खियों में बने हुए हैं। आयकर विभाग ने उनकी कमाई, खर्चे और अकाउंट की डिटेल खंगाली हैं। उनके परिसर में आयकर विभाग के पहुंचने के बाद से ही वो ट्विटर पर भी ट्रेंड करने लगे हैं। यूजर्स उनके यहां आयकर विभाग के सर्वे को लेकर अगल-अलग राय रख रहे हैं। दरअसल, यह तो सभी जानते हैं कि सोनू सूद कोरोना महामारी के दौरान मसीहा के रूप में उभरे थे। उन्होंने अनगिनत प्रवासी मजदूरों की मदद की थी। ऐसे में सोनू सूद की संपत्ति को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
कितनी संपत्ति के मालिक हैं सोनू सूद?
सोनू सूद ने अपनी मेहनत और काबिलियत के बदौलत मुंबई से लेकर पंजाब तक संपत्ति बनाई है। उनकी संपत्ति के बारे में अगर मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो ये करीब 130 करोड़ रुपये है। उनके पास मुंबई में आलीशान घर है। घर में भगवान गणेश की पूजा के लिए अलग स्थान बना हुआ है।
5500 रुपये लेकर पहुंचे थे मुंबई
सोनू सूद के बारे में कहा जाता है कि वो मुंबई सिर्फ 5500 रुपये लेकर पहुंचे थे। वो अपने संघर्ष के दिनों में 100 रुपये के पास पर मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर किया करते थे। इस वक्त उनके पास मुंबई के अंधेरी इलाके लोखंडवाला में 2600 स्क्वायर फीट का शानदार 4 बीएचके घर है। जिसमें उन्होंने इंटीरियर वास्तु के हिसाब से करवाया है। उनका जन्म 30 जुलाई 1973 को पंजाब के मोगा में हुआ था।
उनकी पत्नी दक्षिण भारतीय हैं। उन्होंने 1996 में सोनाली से शादी की थी। वो और सोनाली नागपुर में इंजीनियरिंग के दिनों में मिले थे। इसके बाद वो अभिनय में करियर बनाने के लिए उनके साथ मुंबई चले गए। सोनू सूद ने अपने एक इंटरव्यू में कहा कि वो पिछले 20 सालों से मुंबई में गणपति बप्पा का उत्सव मना रहे हैं। भगवान गणेश के आशीर्वाद की वजह से ही वो गरीबों की मदद कर पाते हैं।