नेपाल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे सोनू सूद, भारत की मदद की जमकर की तारीफ, बोले- ‘नेपाल अकेला नहीं है’
Sonu Sood in Nepal: बॉलीवुड एक्टर और समाजसेवी सोनू सूद एक बार फिर मुश्किल वक्त में लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। जानिए क्या है पूरा मामला।
विस्तार
नेपाल में आई भयानक बाढ़ से मची तबाही के बाद सोनू सूद खुद वहां पहुंचे हैं। वह अपनी टीम के साथ बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और पीड़ित लोगों की मदद कर रहे हैं।
बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में पहुंचे सोनू सूद
सोनू सूद अपनी ‘सूद चैरिटी फाउंडेशन’ की टीम के साथ नेपाल पहुंचे हैं। उनकी टीम भारत से खाने-पीने का सामान, कंबल और दूसरी जरूरी चीजें लेकर गई है। सोनू ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनकी परेशानियों को करीब से समझने की कोशिश की।
सोनू सूद ने कहा कि वह सिर्फ कुछ दिनों के लिए मदद करने नहीं आए हैं, बल्कि आने वाले महीनों में भी जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने की कोशिश जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी टीम लोगों से सीधे बात कर यह समझ रही है कि उन्हें सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है।
लोगों की जिंदगी फिर से पटरी पर लाने की कोशिश करेंगे
सोनू सूद ने नेपाल की स्थिति को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि जब किसी के पास घर नहीं बचता और परिवार बिखर जाता है, तो उस दर्द को समझना आसान नहीं है। ऐसे समय में लोगों के साथ खड़ा होना जरूरी है।
एक्टर ने कहा कि उनकी कोशिश है कि बाढ़ में अपना घर और सब कुछ खो चुके लोगों की जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने में मदद की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल समय में अपनी तरफ से मदद करना हर किसी की जिम्मेदारी है।
भारत की मदद की भी तारीफ की
सोनू सूद ने भारत से नेपाल भेजी जा रही राहत सामग्री की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि उनकी टीम भारत से बड़ी मात्रा में कंबल और खाने का सामान लेकर पहुंची है। जरूरत के हिसाब से आगे भी भारत से राहत सामग्री भेजने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत से नेपाल तक राहत सामग्री पहुंचाना आसान काम नहीं है और इसके लिए कई लोगों के सहयोग की जरूरत होती है। इसके बावजूद उनकी टीम लगातार मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
आने वाले महीनों में भी जारी रहेगी मदद
सोनू सूद ने साफ कहा कि राहत का काम सिर्फ इसी महीने तक सीमित नहीं रहेगा। उनकी फाउंडेशन आने वाले महीनों में भी नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद जारी रखने की कोशिश करेगी।
उन्होंने इससे पहले भी नेपाल के लोगों से कहा था कि वे अकेले नहीं हैं और उनकी टीम खाना, रहने की जगह और दूसरी जरूरी मदद लेकर उनके साथ खड़ी है। अब सोनू सूद खुद नेपाल पहुंचकर अपने इस वादे को पूरा करते नजर आ रहे हैं।
ये भी पढे़ं- 26वें दिन 'हनुमान अंश' ने बनाया रिकॉर्ड, 'टॉक्सिक' से जुड़ा है मामला; जानें फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन