सलमान के इस चेहरे से नवाकिफ होंगे आप?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आप चाहें सलमान खान से प्यार करें या नफरत, उनकी उपेक्षा कतई नहीं कर सकते। विवादास्पद इमेज के बावजूद सलमान अच्छी बातों के लिए भी सुर्खियों में आते रहे हैं।
वह खुद कहते हैं कि मीडिया से कोई शिकायत नहीं है, वह तो अपना काम करता है। उसे भी पाठकों और दर्शकों को बांधने के लिए कुछ चाहिए। सलमान के जन्मदिन पर हम उनसे जुड़ी कुछ अच्छी बातें आपसे शेयर कर रहे हैं।
हमेशा करते हैं दूसरों की मदद
सलमान के बारे में कहा जाता है कि उनके पास सोने का दिल है। आमजन ही नहीं, फिल्म इंडस्ट्री के लोग भी उनके पास मदद मांगने आते हैं। खुद सलमान आगे रह कर गरीबों की मदद करते हैं। पैसे से या फिर जरूरत की चीजों से। वे समाजसेवा के काम में लगे कई संगठनों को भी आर्थिक सहायता देते रहते हैं, मगर उसके बारे में बात नहीं करते।
कुछ मौकों पर ऐसा भी हुआ है कि उन्होंने जरूरत पड़ने पर अपना खून दिया है। बच्चों और गरीबों की मदद के लिए उन्होंने खुद का एक संगठन बना रखा है, बीईंग ह्यूमन। कई निर्माताओं की फिल्मों में सलमान ने फ्री में मेहमान भूमिकाएं निभाई हैं। निर्माता-निर्देशक सावन कुमार टाक के बुरे दौर में सलमान ने उनकी फिल्म ‘सावन’ में मेहमान भूमिका से शुरू करते हुए अच्छा खासा काम कर डाला था और एक पैसा नहीं लिया।
करन जौहर की ‘कुछ कुछ होता है’ में जब कोई स्टार शाहरुख के अपोजिट कुछ मिनट का रोल करने को तैयार नहीं था, तब सलमान सामने आए। जब गोविंदा भुला दिए गए थे, तब सलमान ने ही फिल्म ‘पार्टनर’ से उनकी वापसी कराई। कैरियर ही नहीं, निजी जिंदगी में भी सलमान सितारों की मदद करते हैं।
कुछ साल पहले सुष्मिता सेन की गोद ली हुई बेटी की अचानक बीमार पड़ी तो सलमान सबसे पहले पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। इस तरह जब दीया मिर्जा की मां बीमार पड़ी थी तब भी सलमान ने ही मदद की थी।
कई सितारों के लॉन्च किए कैरियर
सलमान उन ऐक्टरों में से हैं जिन्हें अपने स्टारडम पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कई नए चेहरों को इंडस्ट्री में लॉन्च किया। कई को स्ट्रगल के दिनों में मदद देकर स्टारडम दिलाया। हिमेश रेशमिया, संजय लीला भंसाली और साजिद-वाजिद के स्टारडम के पीछे सलमान का हाथ है। एक समय सलमान ने बॉडी बनाने में ऋतिक रोशन की भी मदद की थी।
कैटरीना कैफ खुल कर स्वीकार करती हैं कि उनका कैरियर सलमान की वजह से बना। इसके अलावा सोनाक्षी सिन्हा और जरीन खान को सलमान ने दर्शकों से इंट्रोड्यूस कराया। पुलकित सम्राट के बाद अब वह आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली को दर्शकों के बीच लाने जा रहे हैं। बिस बॉस-7 में रहीं स्वीडिश-ग्रीक अभिनेत्री एली अवराम सलमान की मदद पाने वालों की सूची में ताजा नाम हैं।
ऐक्टर ही नहीं, अच्छे पेंटर भी
सलमान खान सिर्फ ऐक्टर ही नहीं, बल्कि राइटर, डायरेक्टर और पेंटर भी हैं। हालांकि पहली दो चीजों में उन्होंने ज्यादा हाथ नहीं आजमाया, लेकिन इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री में सलमान खान की पेंटिग्स की बड़ी चर्चा है। सलमान से पंगे के कारण शाहरुख खान और ऋतिक रोशन जैसे सितारों को छोड़ दें तो हर बड़े सितारे के घर में सलमान की पेंटिंग टंगी है।
सलमान कहते हैं कि पेंटिंग उनका बड़ा शौक है, जो उन्हें अकेलेपन से उबारता है। सलमान ने अपने सामाजिक कामों में आर्थिक मदद के लिए अपनी पेंटिंगों की प्रदर्शनी भी लगाई है और उससे आया धन अच्छे कामों में मदद के लिए दिया है। वह हर रोज पेंटिंग के लिए थोड़ा समय जरूर निकालते हैं।
24 जनवरी को उनकी रिलीज होने वाली फिल्म ‘जय हो’ का पोस्टर खुद सलमान ने पेंट किया है। सलमान की सोच है कि वह अपने हर चाहने वाले तक अपनी पेंटिंग नहीं पहुंचा सकते, मगर फिल्म के पोस्टर के बहाने गली-गली में पहुंच सकते हैं।
सामाजिक कामों में भी सक्रिय
हिंदी फिल्मों के दीवाने युवाओं की जिंदगी में सलमान ने कई असर छोड़े हैं। उनमें से एक बेहद सकारात्मक है। सलमान को उनके शुरुआती दिनों से फिट बॉडी के लिए सराहा जाता रहा है। सलमान से पहले भी ऐक्टर रहे हैं, जिनकी फिट बॉडी पसंद की जाती रही।
वह सलमान ही हैं, जिनकी बॉडी देख कर युवाओं को लगा कि उन्हें भी यह काम कर डालना चाहिए। खुद सलमान ने इस बात को समझा और युवाओं को लगातार प्रेरित किया कि वे स्वस्थ रहें और शरीर को मजबूत बनाएं।
सिर्फ युवा ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड में अगर सिक्स पैक्स एब का चलन दिखता है तो इसका श्रेय सलमान को है। उनकी देखा-देखी दूसरे ऐक्टरों ने पर्दे पर फिट दिखना सीखा। इसमें संदेह नहीं है कि वह बड़े युवा वर्ग के स्टाइल आइकॉन हैं।
विवादों के बावजूद टॉप पर
चाहे जितने विवाद हुए हों, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर सलमान सदा टॉप पर रहे हैं। निर्माता-निर्देशकों के लिए इससे अच्छा क्या हो सकता है कि सलमान ने अपनी निजी जिंदगी की दुखद घटनाओं का साया कभी फिल्मों पर नहीं पड़ने दिया। यही कारण है कि सलमान सदा इंडस्ट्री में सबके प्रिय रहे हैं।
उनकी फिल्मों में दर्शकों को हमेशा एहसास हुआ है कि उनके ही दिल की बात की जा रही हो। शायद इसीलिए देश में सलमान के दर्शक उनके प्रति जितने वफादार हैं, किसी और ऐक्टर के नहीं।
वह अकेले सितारे हैं जिनकी फिल्म को देश भर में ए, बी, सी सेंटरों पर एक जैसी शानदार ओपनिंग मिलती है। यही कारण है कि अब उन्हें कुछ लोग हिंदी फिल्मों का रजनीकांत तक कहने लगे हैं। हालांकि सलमान इसे बड़ी तुलना बताते हैं।