शाइनी आहूजा को कौन कहेगा वेलकम बैक?
फिल्म वेलकम बैक से शाइनी अब्राहम अपना ऐक्टिंग करिअर फिर शुरू करने जा रहे हैं। रेप के केस में अदालत से सजा सुनाए जाने के बाद पहली बार किसी मेकर ने उन्हें अपनी फिल्म में लिया। लेकिन सवाल है कि क्या वापसी पर दर्शक भी शाइनी का स्वागत करेंगे?
वेलकम बैक जब रिलीज होगी तो उस दौरान निश्चित रूप से लोगों का फोकस शाइनी अब्राहम पर होगा। यह बात निर्देशक अनीस इब्राहिम खूब समझते हैं। उन्हें अंदाजा है कि शाइनी की मौजूदगी कई महिला संगठनों के द्वारा फिल्म के विरोध का कारण बन सकती है।
शायद यही कारण है कि फिल्म के अभी तक रिलीज हुए दो प्रोमो से यह ऐक्टर गायब है। यही नहीं, बताया जाता है कि शाइनी को लॉन्चिंग मौके से भी दूर रखा गया। हालांकि तब कहा गया कि शाइनी लंदन में हैं, इसलिए कार्यक्रम में नहीं आ सके।
शाइनी के कार्यक्रम और दोनों प्रोमो में लापता होने के मुद्दे पर फिल्मी गलियारों और मीडिया में इन दिनों खूब चर्चा हो रही है। सवाल उठ रहे हैं कि जब निर्देशक ने फिल्म में काम कर रहे हरेक चेहरे को प्रोमो में रखा है तो शाइनी पर क्यों कैंची चला दी?
हर वक्त हीरोइन का पीछा करते दिखेंगे शाइनी
पहले प्रोमो मे जब शाइनी नहीं दिखे तो लोगों को लगा था कि निर्देशक ने कुछ सोच कर ऐसा किया होगा। परंतु दूसरे प्रोमो में भी जब वह नहीं दिखे तो सवाल उठने लगे। उल्लेखनीय है कि अपनी घरेलू नौकरानी से रेप के मामले में अदालत द्वारा सजा पाए शाइनी वेलकम बैक के साथ एक बार फिर से ऐक्टिंग के मैदान में उतर रहे हैं।
मीडिया में आई खबरों के अनुसार शाइनी का रोल इस कॉमेडी में महत्वपूर्ण है और उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकेगा। वह फिल्म में नसीरूद्दीन शाह के बेटे की भूमिका में हैं, जो एक नेत्रहीन डॉन बने हैं।
बताया जाता है कि फिल्म में शाइनी का रोल ऐसे खलनायक का है जो श्रुति और फिल्म में डिंपल कपाड़िया की बेटी बनी एक नई हीरोइन का हर वक्त पीछा करता है। पुरानी फिल्मों में गंभीर भूमिकाओं में दिखे शाइनी यहां दर्शकों को हंसाने की कोशिश करेंगे।
मीडिया में अनीस ने कहा है कि हम लोग जान-बूझ कर उन्हें प्रोमो से दूर नहीं रख रहे हैं। फिल्म के कार्यक्रम में भी अगर वह मुंबई में होते तो जरूर आते। अनीस का कहना है कि उन्होंने फिल्म में शाइनी को इसलिए लिया कि रोल में वह एकदम फिट बैठ रहे थे।
किसी के लिए भी आसान नहीं होता कमबैक करना
किसी भी ऐक्टर के लिए कमबैक करना असान नहीं होता। फिल्म में शाइनी को लेते वक्त वह जानते थे कि लोग क्या कहेंगे, परंतु खास बात यह है कि उन्होंने अपने रोल से न्याय किया। वैसे अनीस फिलहाल इस बात पर चुप हैं कि क्या फिल्म के अगले प्रोमो या फिर पोस्टरों पर शाइनी नजर आएंगे?
2009 में शाइनी अपनी नौकरानी से रेप के आरोप में फंसे थे। निचली अदालत ने उन्हें 2011 में दोषी पाते हुए सात साल की सजा भी सुनाई थी, परंतु वह 27 दिन सजा काट कर जमानत पर बाहर आ गए। उन्होंने सजा के खिलाफ अपील दायर की हुई है।
इस मामले ने शाइनी का फिल्मी कैरियर बर्बाद कर दिया है। सजा के बाद 2011 में उनकी फिल्म आई थी ‘घोस्ट’ जिसे दर्शकों ने पूरी तरह से नकार दिया था। उनकी एक और फिल्म ‘हर पल’ पूरी होने के बावजूद रिलीज नहीं हुई है।
अब देखना होगा कि ‘वेलकम बैक’ में शाइनी के होने का क्या असर होगा? क्या महिला संगठन रेप में सजा पाए ऐक्टर की फिल्म को आसानी से रिलीज हो जाने देंगे? फिल्म चार सितंबर को रिलीज होने जा रही है।