Sanjeev Kumar: ‘शोले’ के ठाकुर से लेकर ‘आंधी’ के JK तक निभाए चर्चित किरदार, संजीव ने दिखाए अभिनय के कई रंग
Sanjeev Kumar Birth Anniversary: संजीव कुमार बॉलीवुड में एक संजीदा कलाकार के तौर याद किए जाते हैं। आज उनकी जयंती (9 जुलाई 1938) है। इस मौके पर संजीव कुमार द्वारा निभाए कुछ चर्चित किरदारों के बारे में जानिए।
विस्तार
संजीव कुमार का असल नाम हरिहर जेठालाल जरीवाला था। गुजरात में जन्मे संजीव कुमार एक्टर बनने के लिए कम उम्र में ही बॉम्बे आ गए। संजीव कुमार ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। फिर साल 1960 में एक फिल्म ‘हम हिंदुस्तानी’ में पुलिस इंस्पेक्टर का किरदार निभाया, यह बड़ा रोल नहीं था मगर इसके जरिए संजीव कुमार को बॉलीवुड में कदम रखने का मौका मिला। आगे चलकर हिंदी फिल्मों में वह एक उम्दा कलाकार के तौर पर जाने गए। अलग-अलग तरह के किरदार संजीव कुमार ने निभाए। जानिए, संजीव कुमार के कुछ चर्चित किरदारों के बारे में।
फिल्म ‘खिलौना’ के विजयकमल
साल 1970 में रिलीज हुई फिल्म ‘खिलौना’ में संजीव कुमार ने विजयकमल नाम का किरदार निभाया था। यह एक पागल व्यक्ति का किरदार था। जिसे ठीक करने का जिम्मा मुमताज के किरदार को मिलता है। फिल्म में जितेंद्र ने भी एक अहम रोल निभाया था। एक पागल व्यक्ति के किरदार में संजीव कुमार ने फिल्म में बेहतरीन अभिनय किया था। इस फिल्म को चंदर वोहरा ने निर्देशित किया था।
सीता और गीता में बने रवि
फिल्म ‘सीता और गीता(1972)’ में हेमा मालिनी ने डबल रोल किया था। संजीव कुमार ने इस फिल्म में रवि का किरदार निभाया था, जो सीता से प्यार करता है। फिल्म कॉमेडी जॉनर की थी तो संजीव कुमार ने भी अपने अंदाज से दर्शकों को खूब हंसाया। इस फिल्म के डायरेक्टर रमेश सिप्पी थे।
‘कोशिश’ में निभाया दिव्यांग हरिचरण का किरदार
फिल्म ‘कोशिश(1972)’ में संजीव कुमार ने हरिचरण नाम का किरदार निभाया था। यह एक बहरे आदमी का किरदार था, जिसे आरती नाम की गूंगी लड़की से प्यार होता है। दोनों अपना घर-संसार बसाते हैं। फिल्म की कहानी में कई उतार-चढ़ाव आते हैं, जो इसे काफी इमोशनल बना देते हैं। इस फिल्म को गुलजार ने निर्देशित किया था।
आंधी में निभाया जेके का रोल
साल 1975 में फिल्म ‘आंधी’ में संजीव कुमार सुचित्रा सेन के अपोजिट नजर आए। यह फिल्म एक पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म थी। फिल्म पर आरोप था कि यह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन से प्रेरित है। मगर मेकर्स ने इस बात से इंकार किया था। फिल्म में संजीव कुमार ने सुचित्रा सेन द्वारा निभाए गए किरदार के पति का रोल किया था। इस फिल्म के डायरेक्टर भी गुलजार थे।
शोले के ठाकुर बलदेव सिंह
रमेश सिप्पी निर्देशित ‘शोले(1975)’ फिल्म में संजीव कुमार ने ठाकुर बलदेव सिंह का किरदार निभाया। यह एक आइकॉनिक रोल था, जिसे दर्शक आज भी याद करते हैं। फिल्म में अमिताभ बच्चन और धर्मेंद्र, जय और वीरू के रोल में नजर आए। गब्बर (अमजद खान) से ठाकुर बलदेव की दुश्मनी के ईद-गिर्द ही यह कहानी घूमती है।
अंगूर में बने अशोक आर. तिलक
फिल्म ‘अंगूर(1982) एक कॉमेडी फिल्म थी। इसमें संजीव कुमार ने डबल रोल निभाया। फिल्म की कहानी, कॉमेडी काफी मजेदार थी। इस फिल्म को गुलजार ने निर्देशित किया था। इसे कल्ट कॉमेडी मूवी माना जाता है।
- मौसम(1975) फिल्म में संजीव कुमार और शर्मीला टैगौर लीड रोल में थे। इस फिल्म में संजीव ने डॉ. अमरनाथ का संजीदा, गंभीर किरदार निभाया। शर्मीला टैगोर ने इस फिल्म में मां और बेटी दोनों के ही किरदार निभाए थे।
- जिंदगी(1976) फिल्म में रघु शुक्ला का किरदार संजीव कुमार ने निभाया था। फिल्म में अपनों से मिले अपमान और एक जोड़े की प्यार की कहानी है। फिल्म में माला सिन्हा ने संजीव कुमार के किरदार की पत्नी का रोल किया था
- फिल्म देवता (1978) में भी अभिनेता ने टोनी और तरुण गुप्ता नाम के किरदार निभाए। फिल्म एक मर्डर मिस्ट्री थी। इस फिल्म में शबाना आजमी और डैनी डेन्जोंगपा भी नजर आए।
- फिल्म ‘पति, पत्नी और वो(1978)’ में संजीव कुमार ने रंजीत चड्ढा का किरदार किया। यह फिल्म एक आदमी के एक्सट्रा मैरिटल अफेयर करने की कहानी पर थी। फिल्म में विद्या सिन्हा, रंजीता कौर हीरोइन के रोल में नजर आईं।