Sajid Nadiadwala: दिव्या भारती को आज भी याद करते हैं साजिद नाडियाडवाला, क्यों सलमान ने मुंह पर मार दी थी डायरी
बॉलीवुड में कई हिट फिल्म बनाने वाले निर्माता-निर्देशक साजिद नाडियाडवाला ने राइटर के तौर भी काम किया है। आज इस डायरेक्टर-प्रोड्यूसर का जन्मदिन (18 फरवरी 1965) है। इस अवसर पर जानिए, साजिद नाडियाडवाला की जिंदगी से जुड़े कुछ किस्सों के बारे में।
विस्तार
साजिद नाडियाडवाला ने निर्माता के तौर पर बॉलीवुड को कई हिट फिल्में दी हैं, दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। साथ ही निर्देशक, लेखक के तौर भी सक्रिय रहे। वह मशहूर फिल्म निर्माता ए.के नाडियाडवाला के पोते हैं। हिंदी के अलावा कई और भाषाओं के लिए भी साजिद फिल्में बनाते हैं।
बचपन में हो गया फिल्मों से लगाव
साजिद नाडियाडवाला के दादा ए.के नाडियाडवाला ने बॉलीवुड में ‘ताज महल’ के अलावा कई चर्चित, मशहूर फिल्में बनाई। फिर साजिद के पिता भी फिल्में बनाने लगे। इस तरह साजिद नाडियाडवाला ने बचपन से घर में फिल्मों से जुड़ा माहौल देखा, उनका रुझान भी इस तरफ हुआ। बड़े होकर उन्होंने सीए, लॉ की पढ़ाई पूरी की। लेकिन करियर बनाने की बात आई तो वह फिल्म लाइन में आ गए।साजिद नाडियाडवाला ने जेपी दत्ता के साथ बतौर अस्सिटेंट डायरेक्टर काम किया। फिर कुछ सालों बाद फिल्मों का निर्माण करने लगे।
दिव्या भारती की मौत का गम नहीं भूल पाए
साजिद नाडियाडवाला की पर्सनल लाइफ भी काफी चर्चा में रही। 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस दिव्या भारती से साजिद ने शादी की। वह उस समय महज 19 साल की थी। साजिद, दिव्या को बहुत चाहते थे लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। दिव्या भारती की घर की बालकिन से गिरने से मौत हो गई। दिव्या का जाना, साजिद नाडियाडवाला के लिए बहुत बड़ा सदमा रहा। लगभग सात साल बाद साजिद ने वर्धा खान से दूसरी शादी की। साजिद नाडियाडवाला अब भी दिव्या भारती की फोटो अपने पर्स में रखते हैं। साथ ही उन्होंने दिव्या भारती के माता-पिता का भी हमेशा ख्याल रखा है।
साजिद और सलमान खान काफी पुराने दोस्त हैं। दोनों साथ में कई फिल्में कर चुके हैं। लेकिन एक बार फिल्म की डेट्स को लेकर साजिद और सलमान का झगड़ा हो गया। सलमान खान ने डेट्स की डायरी, साजिद के मुंह पर मार दी। इस किस्से को खुद साजिद ने एक शो में साझा किया था। वह बताते हैं, ‘फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ के लिए सलमान की डेट्स चाहिए थी, मुझे जल्द फिल्म बनानी थी। लेकिन सलमान के पास पांच महीने तक डेट्स नहीं थी। ऐसे में मैं जिद्द करने लगा कि डेट्स जल्द चाहिए। सलमान खान गुस्सा हो गए, उन्होंने अपनी डेट्स की डायरी उठाकर मेरे मुंह पर मार दी। मैंने उसी डायरी में डेट्स बदली और डायरी अपने पास रख ली। बाद में सलमान का फोन आया कि डायरी वापस दो, मुझे पता नहीं है कि कब और कहां शूटिंग पर जाना है।’ दोनों की दोस्ती में इस तरह की नोक-झोंक अकसर ही चलती है।
साजिद नाडियाडवाला ने बतौर निर्माता कई फिल्में बनाईं, लेकिन ‘हाउसफुल’ सीरीज के जरिए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। इस फिल्म सीरीज में वह अक्षय कुमार और रितेश देशमुख को हमेशा शामिल करते हैं। अब तक चार हाउसफुल सीरीज की फिल्में आ चुकी हैं। जल्द ही इसका अगला पार्ट भी आएगा। इस साल रिलीज होने वाली सलमान खान की फिल्म ‘सिकंदर’ को भी साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं।