Saif Ali Khan Stabbing Case: आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए अपनाया हर हथकंडा, बस एक यह गलती कर बैठा
Saif Ali Khan Stabbing Case: सैफ अली खान पर हमले का आरोपी शहजाद पुलिस की गिरफ्त में है। आरोपी ने पुलिस से बचाव का हर हथकंडा अपनाया। लेकिन, अपने बैगपैक और ऑनलाइन पेमेंट के कारण वह पुलिस के शिकंजे में आ गया।
विस्तार
अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, लेकिन कोई न कोई सबूत छोड़ ही देता है। ऐसा ही कुछ सैफ अली खान मामले के आरोपी शहजाद के मामले में देखने को मिला है। उसने पुलिस से बच निकलने का हर हथकंडा अपनाया। मगर, अपने बैगपैक की वजह से वह पुलिस के शिकंजे में आ गया। इसके अलावा उसने जो ऑनलाइन पेमेंट किया उससे भी पुलिस को उसे पकड़ने में मदद मिली।
ऑनलाइन पेमेंट के जरिए पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, शहजाद ने पुलिस से बचने के लिए सभी एहतियात बरते थे, लेकिन अपने बैग की वजह से वह पकड़ा गया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का बैग देखा था, जिससे जांच को दिशा मिली। बाद में सीसीटीवी, ड्रम डेटा और ऑनलाइन पेमेंट के जरिए पुलिस को उसे ट्रेस करने में मदद मिली। आरोपी शहजाद पहले वर्ली के एक पब में काम कर चुका है। अधिकारी ने बताया कि एक लेबर कॉन्ट्रैक्टर ने पुलिस को शहजाद का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। इस दौरान पता चला कि आरोपी ने कुछ ऑनलाइन लेनदेन भी किए थे। इससे पुलिस को उसे पकड़ने में और मदद मिली।
Saif Ali Khan Health Update: अब कैसी है सैफ अली खान की तबीयत? करीना के चचेरे भाई जहान कपूर ने दिया अपडेट
घटना को अंजाम देकर चैन से सोया, फिर वर्ली जाने से पहले बदले कपड़े
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार 30 वर्षीय आरोपी इस घटना को अंजाम देने के बाद बांद्रा बस स्टॉप पर आराम से जाकर सोया। फिर उसने वर्ली जाने से पहले अपने कपड़े बदले। मुंबई पुलिस ने रविवार को ठाणे शहर में उसे पकड़ा। पुलिस का कहना है कि आरोपी बांग्लादेशी है।
Saif Attack Case: आरोपी को पता ही नहीं कि उसने 'सैफ अली खान' पर हमला किया, पुलिस ने किए चौंकाने वाले खुलासे
सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद
पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी करने के इरादे से 16 जनवरी की सुबह सैफ अली खान के घर में घुसा। उसने सैफ अली खान पर चाकू से कई हमले किए। पुलिस के मुताबिक हमला करने के बाद वह पहले बस स्टॉप पर चैन से सोया। फिर कपड़े बदलकर बांद्रा रेलवे स्टेशन गया, जहां से दादर गया। बाद में फिर वर्ली आया और इसके बाद ठाणे गया। पुलिस के मुताबिक उसने पुलिस से बचने का हर हथकंडा अपनाया था, लेकिन बैगबैक के कारण शिकंजे में आ गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में आरोपी के पास मौजूद बैग देखा था और इससे उन्हें जांच करने में मदद मिली। बाद में सीसीटीवी, ड्रम डेटा और ऑनलाइन पेमेंट की मदद से पुलिस ने आरोपी का पता लगा लिया। सीसीटीवी में कैद आरोपी के चेहरे की तस्वीर की मदद से पुलिस ने उसके जैसे दिखने वाले आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों की जांच की और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। अधिकारी ने बताया कि लेकिन जब इससे कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने बांद्रा इलाके के सीसीटीवी फुटेज की फिर से जांच की। फुटेज में देखा कि आरोपी सुबह करीब सात बजे बांद्रा रेलवे स्टेशन पर घूम रहा है और वहां उसने कपड़े बदले।