रेखा के लिए करना होगा थोड़ा और इंतजार
रेखा के प्रशंसकों को उनकी नई फिल्म देखने के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। निर्देशक इंद्र कुमार की ‘सुपर नानी’ में रेखा फिल्म के नाम के अनुकूल ही नजर आएंगी। फिल्म को इस साल अप्रैल में रिलीज करने की योजना थी। लेकिन खबर है कि इंद्र कुमार फिल्म के कुछ हिस्सों को नए सिरे से शूट करना चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार निर्देशक ने पूरी फिल्म देखने के बाद कई हिस्सों की फिर से शूटिंग करने का मन बनाया है। इन हिस्सों को शूट करने में करीब बीस दिन का समय लगेगा।
रेखा हैं नाखुश
हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि रेखा इंद्र कुमार के इस फैसले से नाखुश हैं और री-शूट के लिए वक्त नहीं दे रही हैं। लेकिन फिल्म के फाइनेंसर भरत शाह के अनुसार, ‘यह बात गलत है।’ उन्होंने मीडिया में कहा है कि रेखा ने कुछ कामों के लिए पहले से तारीखें दे रखीं हैं इसलिए वह सुपर नानी को तुरंत डेट्स नहीं दे पा रही हैं। जल्द ही वह री-शूट के लिए नई तारीखें देंगी।
उल्लेखनीय है कि इंद्र कुमार इस फिल्म से अपने बेटी श्वेता को री-लॉन्च कर रहे हैं।
29 अगस्त को आएगी यह फिल्म
श्वेता करीब चार साल पहले हिमेश रेशमिया के अपोजिट फिल्म ‘कर्ज’ में आई थीं। यह फिल्म सुभाष घर्ई की ऋषि कपूर सुपर हिट कर्ज का रीमेक थी। परंतु फिल्म इतनी बुरी तरह से पिटी कि वह अब श्वेता इसे याद भी नहीं रखना चाहेंगी। ‘सुपर नानी’ में श्वेता रेखा की पड़ोसन बनी हैं। फिल्म में शरमन जोशी और अनुपम खेर भी हैं। इंद्र कुमार फिल्म के कुछ दृश्यों के साथ रेखा पर एक गाने को भी फिर से फिल्माना चाहते हैं। पुराने गाने की जगह एक नया गाना रिकॉर्ड किया गया है। इंद्र कुमार का कहना है कि वह फिल्म 29 अगस्त तक रिलीज करने की कोशिश करेंगे।