सब कुछ होने के बाद भी नहीं मिला मौका! रवि किशन ने याद किए संघर्ष के दिन, कहा- ‘लोग मुझे रिजेक्ट कर देते थे’
Ravi Kishan: एक्टर और पॉलिटिशयन रवि किशन ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया। साथ ही उन्होंने उस दौरान किए स्ट्रगल्स के बारे में भी बात की।
विस्तार
एक्टर और नेता रवि किशन आज जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने लंबा और मुश्किल सफर तय किया है। हाल ही में उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि 90 के दशक में जब बाकी लोग स्टार बन रहे थे, तब उन्हें लगातार रिजेक्शन का सामना करना पड़ रहा था।
मेरे पास सब कुछ था, फिर भी काम नहीं मिला
रवि किशन इन दिनों रियलिटी शो ‘अलायंस’ में नजर आ रहे हैं, जिसमें वह अपनी बेटी रिव्वा किशन के साथ शामिल हुए हैं। इस शो को कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं और यह हाल ही में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ है। शो के पहले एपिसोड में रवि किशन ने अपने संघर्ष की कहानी शेयर की। उन्होंने बताया कि वह पूरी तरह से तैयार थे, फिर भी उन्हें काम नहीं मिल रहा था।
रवि किशन ने कहा, ‘पहले लोग मुझे रिजेक्ट कर देते थे। 90 के दशक में मैं देख रहा था कि लोग स्टार बनते जा रहे हैं। मेरी आवाज अच्छी थी, मैं पूरी तरह ट्रेंड था- घुड़सवारी, फाइट, उर्दू, हिंदी, थिएटर, डांस… सब कुछ आता था। लेकिन इसके बावजूद मैं पीछे रह गया और बाकी लोग आगे निकल गए।’
सोचा था मेरा समय भी आएगा
रवि किशन ने आगे कहा, ‘मुझे लगता था कि जब उनका समय आया है, तो मेरा भी आएगा। लेकिन ये नहीं पता था कि मेरा समय 34 साल बाद आएगा।’ हालांकि उन्होंने उम्मीद कभी नहीं छोड़ी और मेहनत करते रहे।
रवि किशन ने बताया कि जब उनका समय आया, तो उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की। ‘उस साल मैंने कई बेस्ट एक्टर अवॉर्ड जीते। मैं उन स्टेज पर गया, जहां पहले मुझे बुलाया भी नहीं जाता था। लोग मुझे रिजेक्ट कर देते थे और कहते थे कि मैं कुछ नहीं कर पाऊंगा।’
आज रवि किशन अपने करियर के अच्छे दौर में हैं। हाल ही में किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ में उनके काम की काफी तारीफ हुई। इसके अलावा वेब सीरीज ‘मामला लीगल है’ में भी उनकी परफॉर्मेंस को पसंद किया गया।
ये भी पढ़ें- कभी अक्षय-शाहरुख और अजय देवगन को देता था टक्कर, इन गलतियों से बदली जिंदगी; जानें अविनाश वाधवन की कहानी
अब आने वाले दिनों में वे 'मिर्जापुर द मूवी' में नजर आने वाले हैं। इसके साथ ही वह ‘मां बहन’ और ‘भाभीजी घर पर हैं! फन ऑन द रन’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं।