द कपिल शर्मा शो: रणधीर कपूर का खुलासा, राज कुमार ने इस वजह से उनके घर में बाथरूम जाने से किया इंकार
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर शनिवार रात 'द कपिल शर्मा शो' में अपनी बेटी करिश्मा कपूर के साथ अतिथि के तौर पर दिखाई देंगे। इस शो का एक मजेदार प्रोमो जारी हुआ है। जिसमें रणधीर कपूर दिवंगत अभिनेता राज कुमार के बारे में एक मजेदार खुलासा करते हैं।
विस्तार
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणधीर कपूर शनिवार रात 'द कपिल शर्मा शो' में अपनी बेटी करिश्मा कपूर के साथ अतिथि के तौर पर दिखाई देंगे। इस शो का एक मजेदार प्रोमो जारी हुआ है, जिसमें रणधीर कपूर दिवंगत अभिनेता राज कुमार के बारे में एक मजेदार खुलासा करते हैं। रणधीर कपूर, कपिल शर्मा को राज कपूर के उनके घर में बाथरूम को लेकर एक किस्सा सुनाते हैं, जिसे सुनकर सभी दर्शक जोर से हंसने लगते हैं।
दरअसल, कपिल शर्मा ने रणधीर कपूर से आरके स्टूडियो में होने वाली होली पार्टियों के बारे में पूछा। उन्होंने उनसे पूछा कि क्या इन होली पार्टी में राज कुमार भी शामिल हुए थे। इसके बाद रणधीर कपूर राज कपूर को लेकर फनी किस्सा सुनाते हैं। कपिल शर्मा पूछते हैं कि आरके स्टूडियो की हॉली में सारी फिल्म इंडस्ट्री आती थी ना? इस पर रणधीर कपूर कहते हैं- जी हां।
कपिल फिर पूछते हैं- राज कपूर साहब भी आते थे। इस पर रणधीर कपूर बताते हैं, एक बार राज कुमार साहब हमारे घर आये थे। महफील चल रही थी। उन्होंने मुझे बुलाया और कहा कि मैं बाहर जाना चाहता हूं। मैंने पूछा क्यों? इस पर उन्होंने इशारे से बताया पेशाब जाना चाहता हूं। रणधीर कपूर कहते हैं, यह सुनने के बाद मैंने कहा कि बाथरूम है ना.. आइये। इस उन्होंने कहा, नहीं। राज कपूर एक राजा है, और हम भी राजा हैं। राज कपूर के घर में आकर पेशाब करना उसकी तौहीन होगी।
रणधीर कपूर के मुंह से राज कुमार का यह किस्सा सुनकर कपिल शर्मा सहित सारे दर्शक हंसने लगते हैं। आपको बता दें कि जैसे ही शो के सेट पर रणधीर कपूर पहुंचते हैं, उसके बाद कपिल शर्मा उनसे कहते हैं, रणधीर कपूर साहब इतने क्वीट हैं कि ऐसा लग रहा है, जैसे अभी-अभी तोड़कर लाये हैं कश्मीर से...। एकदम कश्मीरी सेब की तरह। उनकी इस बात पर सभी हंसने लगे। करिश्मा कपूर के साथ ही रणधीर कपूर भी मुस्करा उठते हैं।