फिल्म निर्देशक-निर्माता राकेश रोशन बॉलीवुड के उनलोगों की गिनती में शुमार हो गए हैं, जिन्होंने कोविड 19 का टीका लगवा लिया है। वैक्सीन लेते हुए राकेश रोशन ने तस्वीर ट्विटर और इंस्टाग्राम पर शेयर की है। फोटो में वो कुर्सी पर नीली-सफेद टीशर्ट पहने बैठे हैं और कैमरे को देखकर स्माइल करते हुए थम्स अप का साइन देते दिख रहे हैं।
राकेश रोशन ने लगवाई पहली कोरोना वैक्सीन, ‘4-3-21’ को बताया अनोखा दिन
फोटो में एक नर्स राकेश रोशन को वैक्सीन लगा रही है। इसको लेकर उन्होंने ट्वीट किया है। लिखा ‘कोवीशिल्ड की पहली खुराक ले ली है, आग बढ़े’। यही फोटो उन्होंने इंस्टाग्राम पर भी शेयर की। साथ ही उन्होंने खास तारीख के बारे में कहा ‘ हमारी पूरी जिंदगी के एक विशेष दिन 4321, 4 मार्च 2021 को वैक्सीन लगी’। इस दिन को उन्होंने विशेष बताया।
इस फोटो को उनके बेटे और अभिनेता ऋतिक रोशन ने भी लाइक किया है। इसके बाद फैंस तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देने लगे हैं। साथ ही उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना भी कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा ‘ ये देखकर बहुत प्रसन्न हुआ, खुश और स्वस्थ रहिए सर। नॉर्वे से आपको शुभकामनाएं भेज रहा हूं। वहीं, एक और फॉलोअर ने लिखा ‘वाह, ये दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक होगा’।
बता दें कि भारत में कोरोना का दूसरे चरण का टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। इसके तहत वरिष्ठ नागरिकों को वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके पहले प्रथम चरण में भी कई लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। कई सितारे भी कोविड 19 का टीका लगवा चुके हैं।
अभिनेता सतीश शाह ने भी मंगलार को कोविड वैक्सीन लगवाई थी। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। बताया था कि पहला डोज लगवाया है। उन्होंने खुलासा किया था कि उन्हें वीआईपी प्रवेश का उपयोग नहीं करने के लिए विनम्रता से डांटा गया था। उन्हें आमलोगों की तरह बाहर ही लाइन में खड़ा रहना पड़ा था। हालांकि बाद में बेहतर तरीके से वैक्सीन लगवाई गई।