राधिका मदान: एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द, सुनाया बचपन का किस्सा; बताया कैसे खुद को ट्रोलिंग से बचाया
Radhikka Madan On Trolling: एक्ट्रेस राधिका मदान ने अपने लुक्स को लेकर ट्रोल होने पर बात की। उन्होंने बताया कि किस तरह उनकी डेब्यू फिल्म के दौरान लोगों ने उन्हें ट्रोल किया था।
विस्तार
बॉडी शेमिंग पर क्या बोलीं राधिका?
राधिका मदान ने बॉडी शेमिंग को लेकर अपना निजी संघर्ष भी साझा किया। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा, ‘मैंने फिल्म 'पटाखा' के लिए 15 किलो वजन बढ़ाया था और 'शिद्दत' व 'अंग्रेजी मीडियम' के लिए मैं वह वजन घटा रही थी। इस दौरान मुझे कहा गया कि मैं बहुत मोटी हो गई हूं और हीरोइन कैसे बन सकती हूं? इसके बाद लगातार शूटिंग करते हुए मेरा वजन घटता रहा और मैं बिल्कुल हड्डियों का ढांचा बन गई।’
एक्ट्रेस ने खुद से किया यह सवाल
आगे अपने इंटरव्यू में राधिका ने कहा, ‘मैंने खुद से पूछा कि मैं लोगों को खुश करने की कोशिश क्यों कर रही हूं, जबकि वे कभी खुश नहीं होंगे? इसलिए, मैंने एक खास शारीरिक बनावट पाने की चाहत के बजाय स्वास्थ्य रहने पर ध्यान देना शुरू किया। एक बार जब आप ऐसा कर लेते हैं, तो दूसरों की राय आपको प्रभावित नहीं करती, क्योंकि आप समझदार हो जाते हैं। आपको नहीं पता कि उनकी आलोचना किस असुरक्षा से उपजी है। लेकिन मुझे इस बात का सुकून है कि अब मैं स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही हूं।’
राधिका ने बताया कैसे करें खुद से प्यार?
अपनी बातचीत में राधिका मदान ने कहा, ‘मुझे खुद से प्यार करने का विचार थोड़ा घिसा-पिटा लगता है, लेकिन आपको खुद को स्वीकार करना होगा। अपनी खूबियों के बारे में सोचना होगा। स्कूल के दिनों में मेरी भौहें जुड़ी हुई थीं और बहुत ज्यादा बाल थे। चूंकि मेरे माता-पिता का व्यवहार बहुत पॉजिटिव था, इसलिए मुझे इतना बढ़ावा दिया गया कि मुझे लगा कि लोगों को यह नहीं पता कि मैं कितनी सुंदर हूं। मेरे दोस्त थे, लेकिन मुझे कभी भी उनकी राय की जरूरत महसूस नहीं हुई। इसलिए, जब मेरी जुड़ी हुई भौहें हट गईं और लोग मुझे नोटिस करने लगे, तब भी मैंने उनमें बदलाव देखे।'
राधिका मदान का वर्कफ्रंट
- एक्ट्रेस राधिका मदान ने फिल्म ‘पटाखा’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था।
- उनके करियर को पहचान इरफान खान के साथ उनकी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ ने दिलाई।
- इसके बाद उन्होंने वह ‘शिद्दत’, ‘जिगरा’ में भी नजर आईं।
- हाल ही में वह ‘लस्ट स्टोरी 3’ में नजर आईं।