Puri Gal Baat Song Teaser: मौनी रॉय और टाइगर श्रॉफ की केमिस्ट्री ने जीता फैंस का दिल, ‘पूरी गल बात’ गाने का टीजर रिलीज
टाइगर श्रॉफ और मौनी रॉय के अपकमिंग म्यूजिक वीडियो 'पूरी गल बात' का टीजर रिलीज हो गया है। इस टीजर में टाइगर और मौनी राय के डांस से लेकर दोनों की केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ और अभिनेत्री मौनी रॉय पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करने वाले हैं। दोनों एक साथ म्यूजिक वीडियो में नजर आएंगे। दोनों की म्यूजिक वीडियो का टाइटल ‘पूरी गल बात’ है, जिसकी कुछ झलकियां मौनी और टाइगर सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दिखा चुके हैं। वहीं, अब दोनों के इस गाने का टीजर सामने आ गया है, जिसमें मौनी रॉय और टाइगर श्रॉफ की मजेदार केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया है। इस गाने में टाइगर और मौनी का डांस और दोनों का रोमांस तक सब कुछ देखने को मिलेगा।
मौनी रॉय और टाइगर श्रॉफ दोनों ही बेहतरीन डांसर हैं और ये बात उन्होंने अपने इस गाने के टीजर में ही साबित कर दी है। टीजर की शुरुआत मौनी और टाइगर के रोमांस के साथ होती है। दोनों की केमिस्ट्री देखने लायक है। इसके बाद दोनों एक साथ पानी में डांस करते दिखाई दे रहे हैं और फिर टाइगर श्रॉफ अपने डांसिंग मूव्स दिखाते हैं। टीजर यहीं खत्म नहीं होता। आगे मौनी रॉय और टाइगर श्रॉफ फिर रोमांटिक डांस करते दिखाई देते हैं। वीडियो में मौनी अपने हर आउटफिट में सुंदर लग रही हैं तो वहीं टाइगर भी काफी हैंडसम लग रहे हैं।
View this post on Instagram
मौनी रॉय और टाइगर श्रॉफ दोनों ने ही सोशल मीडिया पर इस टीजर को शेयर किया है, जिसे फैंस से लेकर सेलेब्स तक खूब पसंद कर रहे हैं। टाइगर की बहन कृष्णा श्रॉफ ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘हमने इसके लिए बहुत लंबा इंतजार किया है।’ मौनी के पोस्ट पर अर्जुन बिजलानी ने हार्ट का इमोटिकॉन बनाया है। आशका गोराडिया ने फायर का इमोजी पोस्ट किया। इसके अलावा, फैंस मौनी और टाइगर की तारीफ कर रहे हैं।
टाइगर श्रॉफ के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह फिल्म ‘हीरोपंति 2’ में नजर आएंगे। उनके साथ इस फिल्म में तारा सुतारिया दिखाई देंगी। इसके अलावा, टाइगर फिल्म ‘गणपत’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ में दिखाई देंगे। वहीं मौनी रॉय जल्द ही अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ ‘ब्रह्मास्त्र’ में नजर आने वाली हैं।