'गर्व' में काम करने से हिचक रहे थे सलमान खान, कहानी सुनने के बाद निर्देशक पुनीत इस्सर से कही थी ये दिलचस्प बात
Salman Khan-Punnet Issar: हाल ही में पुनीत इस्सर ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'गर्व' पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने सलमान खान से जुड़ी एक दिलचस्प बात भी बताई।
विस्तार
सलमान खान को ‘दबंग’ में पुलिसवाले के किरदार में चश्मा और बेल्ट डांस के साथ हर कोई पसंद करता है, लेकिन इससे पहले भी वह 2004 में पुनीत इस्सर की फिल्म ‘गर्व: प्राइड एंड ऑनर’ में भी वर्दी में नजर आ चुके हैं। हाल ही में पुनीत ने खुलासा किया कि सलमान इस फिल्म के लिए शुरू में तैयार नहीं थे और इसे ‘सनी देओल स्टाइल’ की फिल्म कहकर हिचक रहे थे।
यूट्यूब चैनल डिजिटल कमेंट्री पर बातचीत में पुनीत इस्सर ने कहा कि वह और सलमान लंबे समय से दोस्त हैं और पहले एक साथ अभिनय भी कर चुके हैं। पुनीत ने सलमान को ‘गर्व’ की कहानी सुनाई थी। कहानी सुनकर सलमान को तो पसंद आई, लेकिन उन्होंने मजाक में पूछा कि वह ये कहानी उनके पास क्यों लेकर आए हैं? ये तो सनी देओल की फिल्म जैसी है।
Bollywood Movies: 'फुले' से पहले जातिगत भेदभाव पर बनीं ये फिल्में, परदे पर दिखी समाज में फैले भेदभाव की सच्चाई
पुनीत ने आगे कहा कि उस वक्त सलमान ‘हम आपके हैं कौन’, ‘बीवी नंबर 1’ और ‘जुड़वा’ जैसे हल्के-फुल्के और कॉमेडी रोल के लिए जाने जाते थे। पुनीत ने उन्हें समझाया कि ‘गर्व’ उनके लवर बॉय इमेज को तोड़ने का सही मौका है। स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद सलमान को कहानी पसंद आई और उन्होंने हां कर दी। 'गर्व' के निर्देशक ने सलमान की तारीफ करते हुए कहा, “अभिनेता जंगली घोड़े की तरह होते हैं। जो उन्हें सही से संभाल ले, वही उनकी प्रतिभा को बाहर ला सकता है। सलमान ने इस किरदार में पूरी तरह से खुद को समर्पित कर दिया था।”
फिल्म में सलमान के किरदार का मशहूर क्रॉस साइन आज भी याद किया जाता है। पुनीत ने कहा कि यह साइन उनकी निजी आदत से प्रेरित था। ‘गर्व: प्राइड एंड ऑनर’ पुनीत इस्सर की पहली निर्देशित फिल्म थी। इसमें सलमान खान ने इंस्पेक्टर अर्जुन रनावत का किरदार निभाया था। फिल्म में शिल्पा शेट्टी भी थीं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो हाल ही में सलमान खान 'सिकंदर' में नजर आए थे। इस फिल्म का निर्देशन ए आर मरुगदास ने किया था। फिल्म में रश्मिका मंदाना भी थीं। रिलीज से पहले इस फिल्म की काफी ज्यादा चर्चा थी, लेकिन कमजोर पटकथा और औसत से नीचे की अदाकारी की वजह से दर्शकों ने इस फिल्म को पसंद नहीं किया।