Sunny Deol: प्रोड्यूसर ने सनी देओल पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप, कहा- 20 साल बाद भी नहीं लौटाए पैसे
प्रोड्यूसर सुनील दर्शन ने सनी देओल पर आरोप लगाया है कि वह फिल्म का पैसा लेकर बीच शूटिंग में ही लंदन चले गए थे। बाद में उन्होंने काम करने से मना कर दिया और आज तक पैसे भी नहीं लौटाए।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल को एक्शन हीरो ऐसे ही नहीं कहा जाता है। वह अपनी हर फिल्म में जबरदस्त एक्शन से दर्शकों का दिल जीत लेते हैं। इस समय अभिनेता अपनी आने वाली फिल्म 'गदर 2' की शूटिंग में बिजी हैं। वहीं प्रोड्यूसर सुनील दर्शन ने सनी देओल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। सुनील दर्शन का आरोप है कि सनी देओल ने उनसे करीब 20 साल पहले एक फिल्म के लिए मार्केट रेट से ज्यादा चार्ज किया और फिल्म करने से मना कर दिया। इसके अलावा उन्होंने पैसा भी वापस नहीं किया है।
एक इंटरव्यू के दौरान सुनील दर्शन ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के वक्त सनी देओल बीच में लंदन चले गए थे और वापस ही नहीं आए। इसी वजह से उन्हें अपनी फिल्म का सही तरीके से अंत किए बिना ही उसे रिलीज करना पड़ा। उन्होंने आगे कहा, 'सनी ने मुझे एक वादे के लिए मजबूर किया था कि मैं उनके करियर को नेक्स्ट लेवल पर ले जाने में मदद करूंगा, जिसमें मैंने अपना एक साल का योगदान दिया। इस वादे के साथ कि वह मेरी अगली फिल्म लेंगे, जिसे उन्होंने साइन भी किया लेकिन अपनी जिम्मेदारियों को नहीं निभाया।
दर्शन ने बताया कि सनी देओल ने फिल्म में ये कहकर काम करने से मना कर दिया कि फिल्म के विषय पर काम करने की जरूरत है। इसके बाद सुनील को लगा कि शायद सनी के इरादे सही नहीं थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुनील जिस फिल्म का बात कर रहे हैं, वो फिल्म है जानवर है। जिसे बाद में अक्षय कुमार ने किया था और ये फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी।
वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल जल्द ही फिल्म 'चुप: रिवेंज ऑफ द आर्टिस्ट' में नजर आने वाले हैं। आर बाल्की ने इस फिल्म का निर्देशन किया है। इस फिल्म में उनके साथ दुलकर सलमान और पूजा भट्ट भी नजर आने वाले हैं। इसके अलावा सनी देओल फिल्म 'गदर 2' में भी काम कर रहे हैं। इसमें वह एक बार फिर अमीषा पटेल के साथ नजर आएंगे।