Pratibha Ranta: ‘जो अच्छा काम करेगा, उसे मौके मिलेंगे’, नेपोटिज्म पर प्रतिभा रांटा ने दी प्रतिक्रिया
Pratibha Ranta On Nepotism: बॉलीवुड में नेपोटिज्म हमेशा से एक बड़ा मुद्दा रहा है। बाहर से आए नए एक्टर्स को भी स्टारकिड्स का सामना करना पड़ता है। अब लापता लेडीज की प्रतिभा रांटा ने नेपोटिज्म को लेकर बात करते हुए अपनी राय रखी है। जानिए एक्ट्रेस ने क्या कहा।
विस्तार
सुपरहिट फिल्म ‘लापता लेडीज’ में जया का किरदार निभाने वाली प्रतिभा रांटा ने इस फिल्म से काफी तारीफें बटोरी हैं। उन्हें इंडस्ट्री की राइजिंग स्टार के रूप में देखा जा रहा है। प्रतिभा रांटा भी वो अभिनेत्री हैं जो किसी फिल्मी खानदान से ताल्लुक नहीं रखती हैं। ऐसे में अब अभिनेत्री ने बॉलीवुड पर अक्सर चर्चा में रहने वाले नेपोटिज्म के मुद्दे पर बात की और इसको लेकर अपनी राय रखी। साथ ही बॉलीवुड में अपने अब तक के अनुभव को भी बताया।
‘दर्शक क्या चाह रहे हैं, ये जानने की हो रही कोशिश’
हाल ही में कास्मोपॉलिटन इंडिया के साथ बातचीत में प्रतिभा रांटा ने नेपोटिज्म पर खुलकर बात की। साथ ही एक बाहरी होने के नाते उनका इंडस्ट्री में अब तक का सफर कैसा रहा इसको लेकर भी अभिनेत्री ने अपने विचार रखे। प्रतिभा ने बातचीत में कहा, “हम सभी जानते हैं कि इंडस्ट्री हमेशा बाहरी लोगों के प्रति दयालु नहीं होती है। मुझे लगता है कि हम एक अजीब मोड़ पर हैं, जहां इंडस्ट्री यह पता लगा रही है कि दर्शक वास्तव में क्या चाहते हैं। दांव पहले से कहीं ज्यादा ऊंचे हैं, क्योंकि अब दर्शकों की सीधी बात है। वो आपको बताएंगे कि उन्हें क्या पसंद है और क्या बिल्कुल नहीं। यह अब सिर्फ नए लोगों के बारे में नहीं है। हर किसी को जवाबदेह ठहराया जा रहा है।”
यह खबर भी पढ़ें: The Royals: नेटफ्लिक्स की ‘द रॉयल्स’ को लोगों ने बताया उबाऊ, फैंस को पसंद आई ईशान और भूमि की जोड़ी
‘अगर आप मेहनत करते हैं, तो मौके खुद मिलेंगे’
आगे नेपोटिज्म और स्टारकिड्स को ज्यादा काम मिलने के सवाल पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रतिभा ने कहा, “अगर कोई स्टारकिड वाकई अपने काम में अच्छा है, तो उसे उचित सम्मान और श्रेय मिलता है। यही बात आउटसाइडर्स पर भी लागू होती है। मुझे लगता है कि इस मामले में अब चीजें पहले से ज्यादा साफ और निष्पक्ष होने लगी हैं। सीधी बात है कि अगर आप मेहनत करते हैं, तो मौके खुद आपके पास आएंगे। इसलिए इस बात की चिंता करने के बजाय कि किसे क्या मिल रहा है, मैं चुपचाप कड़ी मेहनत करती हूं।”
यह खबर भी पढ़ें: Farhan Akhtar: ‘तुम्हारे मुंह से आंटी निकला तो फिल्म छोड़ दूंगी..’, जानिए किस एक्ट्रेस ने दी थी फरहान को धमकी
प्रतिभा की अगली फिल्म को लेकर नहीं कोई अपडेट
‘लापता लेडीज’ में तारीफें मिलने के बाद भी प्रतिभा रांटा की अब तक अगली फिल्म को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, बीच में कुछ ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं जिनमें ये कहा गया था कि प्रतिभा रांटा के पास फिल्म है, लेकिन फिलहाल उस पर कोई जानकारी नहीं है।