‘लंबे कद की वजह से छिनी कई फिल्में’, पूजा बत्रा का बड़ा खुलासा; कहा- मेरी लंबाई से घबराते थे अभिनेता
Pooja Batra: पूजा बत्रा ने इंडस्ट्री और अभिनेताओं को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया क्यों उनकी हाइट से घबरा जाते थे एक्टर्स और हाइट की वजह से उनके हाथ से निकलीं कई फिल्में। जानिए सलमान खान को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
1997 में आई फिल्म ‘विरासत’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाली अभिनेत्री पूजा बत्रा ने मॉडलिंग से अपनी शुरुआत की थी। पूजा बत्रा कई हिंदी फिल्मों का हिस्सा रहीं। हालांकि, सफल डेब्यू के बावजूद उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं रह सका। हाल ही में पूजा बत्रा ने बताया कि उनकी लंबी हाइट के चलते भी उन्हें कई फिल्मों से हाथ धोना पड़ा। क्योंकि अधिकांश एक्टर्स की हाइट उनसे कम थी, लेकिन उनमें ईगो इतना था कि वो हीरोइन को खुद से लंबा नहीं दिखने देना चाहते थे। इसलिए वो हीरोइनों को खुद से छोटा दिखाना चाहते थे।
मेरी हाइट की वजह से हीरो घबरा जाते थे
हार्पर बाजार इंडिया से बात करते हुए पूजा बत्रा ने अपने शुरुआती दौर में संगीता बिजलानी की एक सलाह को याद किया। उन्होंने कहा कि मुझे याद है संगीता बिजलानी ने मुझसे कहा था, 'फिल्मों में तुम्हारा कोई चांस नहीं है क्योंकि तुम बहुत लंबी हो'। संगीता की इस चेतावनी से मुझे निराशा हुई थी। लेकिन वह मेरी आदर्श हैं। वह खूबसूरत हैं और एक मॉडल भी हैं।
मुझे जो भी रोल मिला, मैंने उसमें अपना बेस्ट दिया। भले ही मेरे कद की वजह से हीरो घबरा जाते थे। यह सच है कि मेरी लंबाई की वजह से मुझे बहुत सी फिल्में नहीं मिलीं। मैंने कई अच्छे रोल खो दिए। पूजा ने दावा किया कि उनके और संगीता जैसी लंबी अभिनेत्रियों ने सुष्मिता और दीपिका जैसी लंबी अभिनेत्रियों के लिए रास्ता बनाया। इन्हें मुझे धन्यवाद कहना चाहिए।
सलमान खान थे एकमात्र अभिनेता, जिन्हें नहीं थी हाइट से दिक्कत
पूजा ने बताया कि क्लोज-अप शॉट्स में अपने हीरो को लंबा दिखाने के लिए वह कैमरे के सामने हाफ स्प्लिट्स करती थीं। अपनी पहली फिल्म में पूजा ने छोटी दिखने के लिए रंग-बिरंगे कपड़े पहने थे। एक्ट्रेस ने कहा कि हॉलीवुड में भी मैं नाओमी वाट्स और चार्लीज थेरॉन जैसी सभी लंबी एक्ट्रेस का सम्मान करती हूं। मैं जानती हूं कि लंबाई के बावजूद एक महिला के लिए सफल होना कितना मुश्किल है। हालांकि, पूजा ने कहा कि सलमान खान एकमात्र ऐसे अभिनेता थे जिन्हें मेरी हाइट से कभी कोई दिक्कत नहीं हुई। वह ऐसे व्यक्ति थे जो कहते थे, 'हील्स पहनो, मुझे कोई परेशानी नहीं है। उन्हें अपने कद पर पूरा भरोसा था।
सिनेमा में आए बदलाव से खुश हैं पूजा बत्रा
हिंदी सिनेमा में आए बदलाव पर एक्ट्रेस ने कहा कि काफी बदलाव हुआ है। न केवल सोच में बदलाव के कारण, बल्कि सिनेमास्कोप में आए तकनीकी बदलावों के कारण भी काफी कुछ सुधार हुआ है। छोटे कद के लोगों को नुकसान होता है, क्योंकि वे कैमरे पर अपनी असल लंबाई से ज्यादा मोटे दिख सकते हैं। दुनिया के ज्यादातर मशहूर अभिनेता बहुत लंबे नहीं हैं। छोटे कपड़े पहनने और अपने फैशन सेंस को पर्दे पर उतारने के लिए पूजा हमेशा फिल्मों में अपने खुद के कपड़े पहनती थीं। उन्हें याद है कि जब वह अपने निजी कपड़ों में सेट पर आती थीं, तो निर्देशक उनसे कहते थे, उसे वही पहनने दो जो उसने पहना है। लेकिन वे उनसे मेकअप हटाने के लिए भी कहते थे क्योंकि उन्हें नैचुरल लुक चाहिए होता था। उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘मैं सोचती थी, कम से कम सनब्लॉक तो लगाने दो।’
पूजा बत्रा ने 1993 में मिस इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीतने के बाद मॉडलिंग और फिर फिल्मों में एंट्री की थी। उन्होंने साउथ की भी कुछ फिल्मों में काम किया। 2003 में उन्होंने एक ऑर्थोपेडिक सर्जन से शादी की और लॉस एंजिल्स कैलिफोर्निया में बस गईं। लेकिन 2011 में तलाक के बाद वह भारत लौट आईं। इसके बाद उन्होंने ‘हम तुम शबाना’ (2011), ‘एबीसीडी 2’ (2015) और अन्य हॉलीवुड फिल्मों से वापसी की। उन्होंने 2019 में अभिनेता नवाब शाह से दोबारा शादी की।