रिलीज के बाद ‘धुरंधर 2’ का पायरेटेड वर्जन पहुंचा पाकिस्तान, टीवी पर ले रहे फिल्म का मजा; वायरल हुई तस्वीरें
Dhurandhar 2: 'धुरंधर 2' 19 मार्च को थिएटर्स में रिलीज हो गई है और बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। ऐसे में फिल्म पाकिस्तान तक भी पहुंच गई है। जानिए क्या है पूरा मामला।
विस्तार
‘धुरंधर 2’ फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म रिलीज होने के बाद से ही चर्चा का विषय बनी हुई है। रिलीज के एक दिन में ही इसके चर्चे पाकिस्तान तक होने लगे हैं। अब पाकिस्तान में भी लोग धुरंधर 2 के मजे ले रहे हैं, लेकिन सिनेमाघरों में नहीं…टीवी पर।
टीवी पर ले रहे धुरंधर 2 का मजा
सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हुईं, जिनमें पाकिस्तान में लोग टीवी में ‘धुरंधर 2’ देखते नजर आए। खालिद महमूद खालिद नाम के एक पत्रकार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘वॉचिंग धुरंधर 2 इन लाहौर।’ अब ये पोस्ट वायरल हो रही हैं और लोग इसपर पाकिस्तान की जमकर ट्रोलिंग कर रहे हैं।
‘धुरंधर’ से जुड़े पत्रकार ने जताई चिंता
इस पर आदित्य राज कौल ने जवाब देते हुए निराशा जताई। आदित्य राज कौल फिल्म धुरंधर से रिसर्च कंसल्टेंट के तौर पर भी जुड़े थे। उन्होंने लिखा, ‘दुख की बात है कि धुरंधर द रिवेंज का पायरेटेड वर्जन आज ही पाकिस्तान पहुंच गया।’
इतना ही नहीं, उन्होंने आगे यह भी कहा कि एक पाकिस्तानी पत्रकार ने खुद इसकी पुष्टि की है और वह अपने घर की स्क्रीन पर फिल्म का मजा ले रहा है।
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कुछ लोग पायरेसी को लेकर चिंता जता रहे हैं, तो कुछ यूजर्स पाकिस्तान को ट्रोल कर रहे हैं। आदित्य राज कौल ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि ‘पाकिस्तान के लोग भारतीय सिनेमा के बिना नहीं रह सकते, भले ही फिल्म उनकी आलोचना या आतंकवाद पर ही क्यों न हो।’
फिल्म के बारे में
‘धुरंधर 2’ फिल्म 19 मार्च को रिलीज हो गई है। फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है और भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है। सैकनिल्क के अनुसार ‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन में ही 102.55 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।