सात फेरे: मुक्काबाज एक्टर विनीत कुमार सिंह ने अपनी गर्लफ्रेंड संग रचाई शादी, तस्वीर साझा कर लिखा खूबसूरत नोट
गुंजन सक्सेना और मुक्काबाज जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड रुचिरा गोरेमरे के साथ सात-फेरे लिए। इस बात की जानकारी खुद अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फैंस के साथ साझा की। विनीत कुमार सिंह ने अपनी शादी की कई खूबसूरत तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की।
विस्तार
गुंजन सक्सेना और मुक्काबाज जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड रुचिरा गोरेमरे के साथ सात-फेरे लिए। इस बात की जानकारी खुद अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फैंस के साथ साझा की। विनीत कुमार सिंह ने अपनी शादी की कई खूबसूरत तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा की। विनीत और रुचिरा की शादी 29 नवम्बर को हुई थी। शादी के एक दिन बाद इस कपल ने इस गुड न्यूज को अपने चाहने वालों को साथ शेयर किया।
विनीत कुमार सिंह ने लिखा रोमांटिक नोट
अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए विनीत ने अपनी पत्नी रुचिरा गोरेमरे के लिए एक रोमांटिक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘तुम्हारा हाथ थामकर मैं इतनी दूर तक आया। तुम्हें अपनी जिंदगी में पाकर मैं खुद को बहुत ही खुशनसीब मानता हूं। आप सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए आपका शुक्रिया’। अपनी इस पोस्ट को साझा करते हुए विनीत ने अपनी पत्नी रुचिरा को पोस्ट में टैग किया।
View this post on Instagram
कौन हैं रुचिरा गोरेमरे
विनीत कुमार की तरह उनकी पत्नी रुचिरा भी कलाकार हैं। फिल्मों में बतौर अभिनेत्री अपनी शुरुआत करने से पहले रुचिरा ने विनीत कुमार सिंह के करियर की सबसे बड़ी फिल्म मुक्काबाज में बतौर असिस्टेंट काम किया था। उसी दौरान इन दोनों की मुलाकात हुई थी। रुचिरा ने बैंड बाजा से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया था। इसके अलावा रुचिरा ने नवाजुद्दीन सिद्धिकी के साथ फिल्म बोले चूड़िया में भी काम किया और इम्तियाज अली की शॉर्ट फिल्म में भी उन्होंने बतौर अभिनेत्री काम किया।
विनीत कुमार सिंह को इस फिल्म से मिली पहचान
विनीत कुमार सिंह ने 21 साल की उम्र में फिल्म पिता से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। ये फिल्म साल 2002 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के बाद वो हथियार, चेन खुली की मेन खुली, गैंग्स ऑफ वासेपुर, गैंग्स ऑफ वासेपुर 2, जन्नत जैसी कई फिल्मों का हिस्सा बने। लेकिन साल 2018 में आई फिल्म मुक्काबाज विनीत कुमार सिंह के करियर में एक नया मोड़ लेकर आई। इस फिल्म ने उन्हें बॉलीवुड में एक अलग पहचान दी। इस फिल्म के बाद विनीत कुमार सिंह सांड की आंख और गुंजन सक्सेना जैसी फिल्मों में नजर आए।