अक्षय कुमार: कूडो टूर्नामेंट में भूमि के साथ पहुंचे एक्टर, पोस्ट शेयर कर लिखा- पीढ़ी को आगे बढ़ते देखना अद्भुत
- कूडो टूर्नामेंट का आयोजन पिछले 18 साल से गुजरात में किया जा रहा है।
- हाल ही में हुए इस टूर्नामेंट नें अक्षय के साथ गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और अभिनेत्री भूमि पेडनेकर भी मौजूद रहीं।
- एक्टर ने इस खास कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।
विस्तार
अभिनेता अक्षय कुमार को फिल्मी दुनिया में अभिनय के अलावा उनके अनुशासन के लिए भी जाना जाता है। हाल ही में गुजरात में अंतराष्ट्रीय कूडो टूर्नामेंट में का आयोजन हुआ। इसमें अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। इस समारोह की तस्वीरें एक्टर ने सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
क्या था अक्षय कुमार का पोस्ट?
सोमवार को अक्षय ने इंस्टाग्राम पर टूर्नामेंट की बच्चों के साथ कई तस्वीरें साझा कीं। एक्टर ने पोस्ट में लिखा, ‘ऊर्जा, प्रतिभा और कुछ प्रेरणादायक पलों से भरा एक दिन, 18वें अक्षय कुमार अंतर्राष्ट्रीय कुडो टूर्नामेंट में देशभर के युवा चैंपियन एक साथ आए और उन्होंने खेल के प्रति अपने कौशल, दृढ़ संकल्प और जुनून का प्रदर्शन किया। मार्शल आर्ट्स की भावना और इन युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए गुजरात के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री हर्ष संघवी और भूमि पेडनेकर का हमारे साथ शामिल होना अत्यंत सुखद रहा। शानदार प्रदर्शनों से लेकर विजेताओं का जश्न मनाने तक, मार्शल आर्टिस्टों की अगली पीढ़ी को आगे बढ़ते देखना अद्भुत था।'
सेहत पर क्या बोले अक्षय?
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस आयोजन में अक्षय ने कहा , ‘आज इतना भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया है, और हम पिछले 18 वर्षों से यह कार्यक्रम चला रहे हैं। मेरा मानना है कि जीवन चार सिद्धांतों द्वारा निर्देशित होना चाहिए। सुख, शांति, सेवा और चौथा है सेहत। इनमें सबसे महत्वपूर्ण है सेहत। स्वस्थ रहने पर ही सुख, शांति और सेवा का मार्ग प्रशस्त होता है। व्यक्ति को स्वस्थ जीवन जीना चाहिए।
डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने कहा शुक्रिया
इस कार्यक्रम में गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी भी मौजूद थे। उन्होंने एक्टर का शुक्रिया करते हुए कहा, ‘अक्षय कुमार का खेल के प्रति समर्पण वाकई प्रेरणादायक है। अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद, उन्होंने पिछले सात-आठ वर्षों से लगातार कूडो टूर्नामेंट का समर्थन किया है और एक भी वर्ष अनुपस्थित नहीं रहे हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अक्षय कुमार आज के युवाओं के लिए फिटनेस, अनुशासन और समर्पण के मामले में प्रेरणास्रोत हैं।'
