‘धुरंधर 3’ बन रही है या नहीं? खबरों पर अब मुकेश छाबड़ा ने दी प्रतिक्रिया; बताया कब शेयर करेंगे अपडेट
Mukesh Chhabra On Dhurandhar 3: कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने ‘धुरंधर 3’ को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब प्रतिक्रिया दी है। जानिए मुकेश छाबड़ा ने फिल्म को लेकर क्या कुछ बताया…
विस्तार
रिलीज के बाद से ही ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। वहीं फिल्म अलग-अलग कारणों से लगातार चर्चाओं में भी बनी हुई है। फिल्म पिछले साल आई ‘धुरंधर’ का सीक्वल है। इस बीच अब कई फैंस ‘धुरंधर 3’ को लेकर भी कयास लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर तो एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिसमें ऐसा दावा किया जा रहा है कि ‘धुरंधर 3: द फाइनल चैप्टर’ के नाम से तीसरी फिल्म का दावा किया जा रहा है। अब ‘धुरंधर 3’ बन रही या नहीं, इस पर कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने प्रतिक्रिया दी है और पूरी सच्चाई बताई है।
नहीं बन रही ‘धुरंधर 3’
‘धुरंधर’ के दोनों पार्ट में जबरदस्त कास्टिंग के लिए तारीफें बटोरने वाले कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने ‘धुरंधर 3’ को लेकर चल रही अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी। मुकेश ने स्पष्ट किया कि ‘धुरंधर 3’ नहीं बन रही है। जूम के साथ बातचीत में उन्होंने कहा, ‘ऐसा कुछ नहीं होने वाला। बहुत सारी अफवाहें हैं। अगर कोई आधिकारिक अपडेट होगी, तो वे उसे एक्स पर शेयर करेंगे।’
पार्ट 2 की रिलीज से पहले आदित्य धर ने की थी क्रेडिट्स के बाद भी रुकने की अपील
‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिलीज से पहले निर्देशक आदित्य धर ने दर्शकों से क्रेडिट्स खत्म होने तक रुकने का अनुरोध किया था। इससे तीसरे पार्ट की घोषणा के बारे में अटकलें और तेज हो गईं थीं। हालांकि, क्रेडिट्स में तीसरी फिल्म की कोई घोषणा नहीं है।
इसके बजाय सिर्फ कहानी को आगे बढ़ाया गया है और एक मोड़ देकर छोड़ दिया गया है। जो कि अब फ्रेंचाइजी फिल्मों में एक आम बात हो गई है। ताकि अगर मेकर्स फ्रेंचाइज को आगे बढ़ाना चाहेंगे तो इससे कनेक्ट किया जा सकता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फर्जी तस्वीर
इसके बाद सोशल मीडिया पर एक फोटो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें थिएटर की स्क्रीन पर ‘धुरंधर द फाइनल चैप्टर’ लिखा नजर आ रहा है। इसके बाद ही इसकी रिलीज डेट भी 14 जून 2026 बताई जा रही है।
इसके बाद कई लोगों ने फिल्म देखने से पहले ये मान लिया था कि पार्ट 3 आएगा। लेकिन फिल्म देखने के बाद ये कंफर्म हुआ कि ये सिर्फ एक फर्जी तस्वीर है। साथ ही अब मुकेश छाबड़ा ने भी ‘धुरधर 3’ की खबरों को खारिज कर दिया है।
19 मार्च को रिलीज हुई ‘धुरंधर 2’ को क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया ही हासिल हो रही है। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। पांच दिनों में ही फिल्म ने 500 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन में फिल्म 800 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर चुकी है।